सौराष्ट्र में लगातार तीसरे दिन बारिश का दौर जारी

अहमदाबाद | पिछले तीन दिनों से सौराष्ट्र में मेघा की कृपा बरस रही है| गिर सोमनाथ जिले के प्राची तीर्थ में भारी बारिश हो रही है| सूत्रापाडा के ग्रामीण इलाकों में लगातार बारिश होने से फसलों को जीवनदान मिला है| गिर सोमनाथ में आज लगातार तीसरे दिन बिजली की कड़कड़ाहट के साथ मूशलाधार बारिश हुई| जिले के वेरावल, सोमनाथ, तालाला, कोडीनार और गिरगढ़डा समेत आसपास के इलाकों में जबर्दस्त बारिश हो रही है| लगातार चार घंटे हुई बारिश से गिर गढ़ड़ा की रूपेण नदी में बाढ़ आ गई है| विख्यात तीर्थ स्थल प्राची में भारी बारिश हुई| गिर सोमनाथ जिले में कहीं मूशलाधार तो कहीं मध्यम बारिश हुई है| जूनागढ़ शहर में तेज हवा के साथ भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भर गया है| जूनागढ़ के गिरनार की गोद में बैठे जटाशंकर महादेव मंदिर के निकट पहाड़ी झरने शुरू हो गए हैं| जूनागढ़ में अग्रावत अस्पताल के निकट अंडर ब्रिज में पानी भर जाने से एक कार फंस गई| घटना के वक्त कार में सवार एक शख्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया| राजकोट के मेटोडा जीआईडीसी और लोधिका में लगातार बारिश के झोंके जारी हैं| राजकोट के धोराजी में मंगलवार को एक घंटे में ढाई ईंच बारिश हुई| भारी बारिश के कारण धोराजी में जगह जगह पानी भरने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं| राजकोट के जेतपुर, जेतलसर, वीरपुर, धांगलोल इत्यादि इलाकों में लगातार दूसरे दिन मूशलाधार बारिश हुई| भारी बारिश के कारण जेतपुर के सरकारी अस्पताल में पानी भर जाने से मरीजों की हालत दयनीय हो गई| अमरेली में लगातार तीसरे दिन बरसाती माहौल बना हुआ है और जिले के सावरकुंडला में तेज बारिश हो रही है| अमरेली जिले की धारी तहसील के रामबाग और वावडी गांव में एक घंटे में दो ईंच बारिश हुई| जिससे स्थानीय नदी में बाढ़ आ गई है| सूख चुकी नदियों में नई जलराशि आने से किसानों में खुशी छा गई है| लंबे विराम के बाद जामनगर में बारिश होने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है| वहीं कच्छ में लगातार चौथे दिन बारिश का दौर जारी है| माता के मढ, दयापर और भुज समेत आसपास के इलाकों में भारी बारिश हुई है| पिछले साल कच्छ के कई इलाकों को सूखाग्रस्त घोषित किया गया था| इस साल भी कच्छ में अपेक्षित बारिश की प्रतीक्षा स्थानीय लोग कर रहे हैं| दक्षिण गुजरात में लगातार बारिश से पहाड़ हो या जमीन चारों ओर हरियाली ही हरियाली नजर आ रही है| वलसाड जिले के धरमपुर के निकट पहाड़ी से बहने वाले झरने को देखने दूर दूर से लोग आ रहे हैं| शंकर झरने के नाम से मशहूर इस झरने को देखने के लिए नानी ढोल डुंगरी गांव का युवक केतन पटेल अपने परिवार के साथ गया था| जहां सेल्फी लेने के चक्कर में केतन पटेल का पैर फिसल गया और वह पानी के तेज बहाव में पहाड़ से नीचे पत्थरों पर जा गिरा| इस घटना में केतन पटेल की मौके पर ही मौत हो गई|
