राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग का नकली महाराष्ट्र अध्यक्ष गिरफ्तार

कल्याण। राष्ट्रीय राज मुद्रा का इस्तेमाल कर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के बोगस पदाधिकारी पुलिस की राडार पर हैं. मुंबई से सटे कल्याण में राष्ट्रीय राजमुद्रा के साथ मानवाधिकार आयोग के फर्जी (बोगस) कागजात छाप कर उसका अवैध इस्तेमाल करने वाले लालमणी पांडेय नामक एक व्यक्ति को कोलसेवाड़ी पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जबकि उसके साले गुलखान नामक फरार आरोपी की तलाश पुलिस कर रही है. ऐसी जानकारी कल्याण पुलिस परिमण्डल के पुलिस उपायुक्त विवेक पानसरे ने एक पत्रकार परिषद के दौराम पत्रकारों को दी. पुलिस उपायुक्त ने बताया कि लालमणि पांडेय नामक व्यक्ति नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के नाम का अवैध इस्तेमाल कर रहा है ऐसी शिकायत कोलसेवाड़ी पुलिस को मिली जिसकी जांच-पड़ताल की गई तो कोलसेवाड़ी पुलिस के सामने धक्कादायक जानकारी सामने आई. पुलिस ने भारत सरकार प्रतिष्ठित नाम एवं राजमुद्रा छपे लेटरपैड, विजिटिंग कार्ड, ह्यूमन राईट कमीशन महाराष्ट्र प्रेसीडेंट का आई कार्ड आदि बोगस (फर्जी) कागजात पुलिस द्वारा बरामद किए. राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के नाम से उक्त आरोपी ने किसी को फंसाया हो तो वह व्यक्ति कोलसेवाड़ी पुलिस से संपर्क करे ऐसा आवाहन पुलिस उपायुक्त ने लोगों से किया है. उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के नाम से फर्जी नियुक्ति, आई कार्ड आदि की जांच-पड़ताल करने में पुलिस जुट गई है. कल्याण पूर्व कोलसेवाड़ी परिसर में रहने वाले लालमणि के खिलाफ कोलसेवाड़ी पुलिस ने आईपीसी की धारा 420,465,468,471 एमबेलेम्स एन्ड नेम्स ऍक्ट 1950 के अंतर्गत मामला दर्ज लिया है और आगे की पड़ताल उपायुक्त विवेक पानसरे, ए. सी.पी.अनिल पोवार के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शाहुराजे सालवे, सहायक पुलिस निरीक्षक भिसे कर रहे हैं.
