नीतीश कुमार के सामने जेडीयू में शामिल होंगे फातमी

पटना । बिहार की सियासत में अब जल्दी ही एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। खबर है कि आरजेडी छोड़ चुके पूर्व केंद्रीय मंत्री और अल्पसंख्यक चेहरा अशरफ अली फातमी 28 जुलाई को जेडीयू में शामिल हो जाएंगे। सूत्रों से मिली सूचना के मुताबिक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी में वे पार्टी की प्राथमिक सदस्यता हासिल करेंगे। बता दें कि पूर्व केंद्रीय मंत्री अशरफ अली फातमी लालू यादव के बेहद करीबी रहे हैं, लेकिन तेजस्वी यादव की कार्यशैली से खफा हैं। जुलाई के पहले हफ्ते में फातमी ने घोषणा की थी कि वे जेडीयू में शामिल होने जा रहे हैं और लाखों कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी की सदस्यता लेंगे। अली अशरफ फातमी ने लोकसभा चुनाव से पहले राजद के विरोध में आवाज उठाई थी। राजद से टिकट कटने के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री फातमी ने मधुबनी लोकसभा क्षेत्र से बसपा के टिकट पर नामांकन दाखिल किया था। इस दौरान फातमी ने तेजस्वी पर हमला बोलते हुए कहा था कि उनकी जितनी उम्र है, उससे अधिक समय वे राजनीति कर रहे हैं। फातमी ने कहा था कि राजद में उन जैसे नेताओं की कोई पूछ नहीं। बता दें कि फातमी दरभंगा से कई बार सांसद रह चुके हैं।
