संदिग्ध परिस्थितियों में हॉस्टल से मिला छात्र का शव

भागलपुर । उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में प्रेमनगर थाना क्षेत्र स्थित एक हॉस्टल में एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। छात्र की मौत के बाद से ही हॉस्टल के अन्य छात्र भी दहशत में है। मृत छात्र की पहचान बिहार के भागलपुर निवासी आतिश के रूप में हुई है। वह बिदुली स्थित कॉलेज से बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। जानकारी के अनुसार बीते सोमवार को देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में दोपहर में छात्र का शव हॉस्टल के कमरे में पंखे से लटका पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। वहीं घटनास्थल पर पुलिस के साथ मौजूद फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने फिंगर प्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटा लिए हैं। मामले में देहरादून सिटी एसपी स्वेता चौबे ने बताया कि पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा।
