भूकंप के दौरान भुज की जेल से फरार कैदी 19 साल बाद मुंबई से गिरफ्तार

अहमदाबाद | 2001 के विनाशकारी भूकंप के दौरान कच्छ जिले की भुज जेल से फरार एक कैदी को 19 साल बाद पुलिस ने मुंबई के विरर से गिरफ्तार कर आगे की कार्यवाही के लिए भुज ए डिवीजन पुलिस को सौंप दिया है| जानकारी के मुताबिक 26 जनवरी 2001 को गुजरात में विनाशकारी भूकंप आया था| जिसमें सबसे ज्यादा नुकसान कच्छ को हुआ था| कच्छ जिले की भुज स्थित जेल की दीवारें ढह गई थीं और इस प्राकृतिक आपदा का फायदा उठाकर जेल में बंद 100 से ज्यादा कैदी फरार हो गए थे| जिसमें अहमदाबाद में कई मामलों में संलिप्त आरोपी पीलासिंह घुघरुसिंह टाक को भुज की जेल भेजा गया था| पासा के तहत भुज की जेल में बंद घुघरुसिंह टाक भी प्राकृतिक आपदा का फायदा उठाकर जेल से फरार हो गया था| पश्चिम कच्छ पेरोल फर्लो स्क्वॉड ने पूर्व सूचना के आधार पर मुंबई के विरार की झुग्गी बस्ती से पीलासिंह घुघरु टाक को गिरफ्तार कर भुज ए डिवीजन पुलिस को सौंप दिया है|
