सौराष्ट्र में बरसाती माहौल, कई इलाकों में मूशलाधार बारिश

अहमदाबाद | सौराष्ट्र के ज्यादातर इलाकों में बरसाती माहौल बना हुआ है और बुधवार को कई हिस्सों में मूशलाधार बारिश होने से नदी-नाले छलक गए हैं| सौराष्ट्र के जूनागढ़, भावनगर, बोटाद, अमरेली और राजकोट जिले की कई तहसीलों में आज अच्छी बारिश हुई| बोटाद के राणपुर, सारंगपुर में मूशलाधार बारिश हुई| राणपुर और सारंगपुर में आज तेज हवा के साथ मूशलाधार बारिश हुई| लगातार मूशलाधार बारिश के कारण निचले इलाके जलमग्न हो गए| सड़कें पानी में डूबने से राहगिर और वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ गईं| भावनगर के अलंग में कई दिनों के विराम के आज जबर्दस्त बारिश हुई| भावनगर के अलंग समेत अन्य इलाकों में बरसाती माहौल है| तटीय इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश होने से लोगों को उमस से राहत मिली है और मौसम ठंडा हो गया है| राजकोट के जसदण में भी मेघा जमकर बरसे| भडली, आंबरडी और नयागाम समेत कई गांवों में भारी बारिश होने से जगह जगह जलजमाव हो गया| जसदण में मूशलाधार बारिश होने से लोगों को गर्मी से निजात मिली है| जूनागढ़ के तालाला में भारी बारिश के कारण नदी-नाले छलक गए हैं| तालाला के आसपास के कई गांवों में बुधवार को झमाझम बारिश हुई है| जिससे वातावरण ठंडा हो गया और लोगों को गर्मी और उमस से छुटकारा मिला है| अमरेली के बाबरा में दोपहर के बाद अचानक मौसम बदला और मध्यम बारिश शुरू हो गई| अमरेली के सावरकुंडला और लाठी में बारिश के झोंके से लोगों को गर्मी से आंशिक राहत मिली| अमरेली जिले की लाठी तहसील के हरसूलपुर और देवलिया गांव में मूशलाधार बारिश होने से गागडिया नदी में बाढ़ आ गई| भारी बारिश होने से क्षेत्र की नदी-नाले छलक गए हैं| नदी-नाले छलकने से लोगों को पानी की तंगी से निजात मिली है| जूनागढ़ के मालिया हाटिना की रजनी नदी में नई जल राशि आने से स्थानीय लोगों खासकर किसानों में खुशी छा गई है| ऊपरी हिस्सों में भारी बारिश होने से रजनी नदी छलकने लगी है|
बुधवार को मौसम विभाग ने गुजरात में चार दिन बाद भारी से अतिभारी बारिश का अनुमान व्यक्त किया है| 28 और 29 जुलाई से गुजरात में भारी से अतिभारी बारिश हो सकती है| बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर के सक्रिय होने से गुजरात में बारिश की संभावना है| उत्तर, मध्य और दक्षिण गुजरात में भारी से अतिभारी बारिश की मौसम विभाग ने अनुमान व्यक्त किया है| जिसे ध्यान में रखते हुए मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की चेतावनी दी गई है| गुजरात में अब तक मौसम की 28 प्रतिशत बारिश हो चुकी है|
