पुलिसवाले बोले- शराब और चिकन लेकर आओ, फिर दर्ज करेंगे शिकायत, युवक ने बना ली वीडियो

पुलिसवाले युवक से बोले कि शराब और चिकन लेकर आओ, फिर शिकायत दर्ज होगी। युवक ले आया और उसने शराब पीते हुए पुलिसवाले की वीडियो बना ली। मामला पंजाब के पटियाला का है। युवक ने किसी तरह से अपने दोस्त से उधार मांगकर शराब की बोतल लाकर पुलिसवालों को दी। जिसके बाद उसने शराब पीते पुलिसवालों की वीडियो बना ली, जो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है।
वीडियो के सामने आने के बाद चौकी इंचार्ज ने दोनों आरोपी पुलिस मुलाजिमों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए इन्हें तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट बनाकर सख्त कार्रवाई करने की सिफारिश करते हुए उच्चाधिकारियों को पत्र भेज दिया है। यह मामला पटियाला के कस्बा बहादुरगढ़ की पुलिस चौकी का है।
चौकी इंचार्ज अंकुर दीप सिंह ने बताया कि घटना सोमवार देर रात की है। बहादुरगढ़ निवासी सुनील कुमार का घरेलू झगड़ा चल रहा है। वह रिपोर्ट लिखवाने के लिए पुलिस चौकी पहुंचा। यहां ड्यूटी पर कांस्टेबल शबीर अहमद व एक अन्य पुलिस मुलाजिम सोहन तैनात थे। आरोप है कि दोनों पुलिस मुलाजिमों ने युवक से रिपोर्ट लिखने के बदले में पैसे मांगे।

युवक के पैसे देने में असमर्थता जताने पर दोनों से उसे शराब व चिकन लाकर देने को कहा। किसी तरह अपने दोस्त से पैसे उधार लेकर सुनील शराब  लेकर पुलिस चौकी पहुंचा। फिर उसने पुलिस वालों की शराब पीते हुए वीडियो बना ली और उसे वायरल भी कर दिया। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि पुलिस वाले जाम छलका रहे हैं।

वायरल वीडियो देखकर आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करते हुए इन्हें लाइन हाजिर कर दिया गया है। चौकी इंचार्ज ने कहा है कि मामले की जांच की जाएगी, जिसके बाद आरोपी पुलिस मुलाजिमों के खिलाफ आगे की कार्रवाई होगी।

Leave a Reply