‘कार्यक्रम में नहीं आईं तो नाम कटेगा’, लाड़ली बहनों पर मंत्री करण सिंह वर्मा का विवादित बयान

भोपाल। अक्सर अपने बयान और ठेठ अंदाज को लेकर चर्चा में रहने वाले प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा एक बार फिर विवादों में आ गए हैं. उन्होंने मंच से लाड़ली बहनों को धमकी भरे लहजे में कहा कि यदि कार्यक्रम में नहीं आएंगी तो उनके नाम कट जाएंगे. यह बात इछावर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम धामंदा में आयोजित नवीन उपस्वास्थ्य केंद्रों के लोकार्पण अवसर पर कही गई है. अब उनका यह बयान काफी चर्चा में आ गया है. मंच पर राजस्व मंत्री ने कहा कि ग्राम धामंदा में 894 लाड़ली बहनों को 1500 रुपये महीने दे रहे हैं और यहां पर आई कितनी हैं. अब सीईओ मैडम से बोलेंगे, एक दिन सबको बुलाओ और नहीं आईं तो उनका नाम कट जाएगा, दे देंगे यहां से रिपोर्ट. बहनों को कांग्रेस के राज में पैसा मिलता था क्या. आगे उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिल्ली से गेहूं भेज रहे हैं, किसानों के खाते में पैसे डाल रहे हैं और तुम ध्यान नहीं रखते हो।
स्थानीय स्तर पर ही प्राप्त होंगी स्वास्थ्य सुविधाएं
राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने सीहोर जिले के ग्राम नापलाखेड़ी में 56.09 लाख रुपये की लागत से निर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र और ग्राम धामंदा में 65 लाख रुपये की लागत से निर्मित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का लोकार्पण किया. ग्राम नापलाखेड़ी में लोकार्पण अवसर पर कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा भी उपस्थित थे. इस अवसर पर राजस्व मंत्री वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और सुलभ बनाने के लिए सतत रूप से कार्य कर रही है. उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में से एक है, जिससे आमजनों को उपचार के लिए परेशान न होना पड़े. नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर के प्रारंभ होने से क्षेत्र के नागरिकों को प्राथमिक उपचार, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण तथा विभिन्न जांच एवं परामर्श सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही प्राप्त हो सकेंगी. उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को नि:शुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिली है।
सरकार कर रही स्वास्थ्य अधोसंरचना का विस्तार
मंत्री वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य केवल उपचार उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि लोगों को बीमारियों से बचाव के प्रति भी जागरूक करना है. उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित आहार, स्वच्छ पेयजल तथा साफ-सफाई की आदतें अपनाकर अनेक गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है. उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार निरंतर स्वास्थ्य अधोसंरचना का विस्तार कर रही है, जिसके अंतर्गत नए स्वास्थ्य केंद्रों की स्थापना, पुराने भवनों का उन्नयन, आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की पदस्थापना सुनिश्चित की जा रही है. कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक प्रस्तुतियां भी दी गईं. कार्यक्रम में जगदीश पटेल, शंकर पटेल, सीएमएचओ सुधीर कुमार डेहरिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित थे।
