कांग्रेस सरकार के लिए गड्ढा खोद रही भाजपा, अपने ही गड्ढे में औंधे मुंह गिरी: शोभा ओझा

भोपाल ।  मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी मीडिया विभाग की अध्यक्ष श्रीमती शोभा ओझा ने कल ‘‘दंड विधि संशोधन विधेयक’’ पर हुए मतदान में, कांग्रेस को मिले 122 विधायकों के समर्थन के बाद, भाजपा नेताओं द्वारा जारी बयानबाजी को उनकी हताशा और अवसाद का प्रतीक बताते हुए कहा कि कल के घटनाक्रम के बाद ‘‘बिल्ली के भाग्य से, छींका टूटने का इंतजार करने वाली’’ भाजपा को यह साफ हो गया है कि कांग्रेस पार्टी की प्रदेश सरकार कमलनाथ के नेतृत्व में पूरी मजबूती से अपना काम कर रही है और उसका एक-एक विधायक बिना किसी प्रलोभन या भय के प्रदेश की उन्नति और विकास का नया अध्याय लिखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
आज जारी अपने बयान में उक्त विचार व्यक्त करते हुए श्रीमती ओझा ने कहा कि भाजपा के नेता भ्रम फैलाकर सरकार की अस्थिरता के नाम पर जनता को गुमराह करते रहे हैं, लेकिन विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव व ‘‘दंड विधि संशोधन विधेयक’’ पर मत विभाजन में भाजपा को मुंह की खानी पड़ी है और उसका लोकतंत्र विरोधी चेहरा उभरकर सामने आ गया है। 
श्रीमती ओझा ने कहा कि शिवराज सिंह और गोपाल भार्गव में प्रदेश भाजपा के नेतृत्व और श्रेय लेने की होड़ के कारण ही भाजपा की यह दुर्दशा और फजीहत हुई। 
अपने बयान के अंत में श्रीमती ओझा ने कहा कि जो भाजपा कांग्रेस पार्टी की सरकार के लिए गड्ढा खोदने का काम कर रही थी, वह अंततः अपने ही गड्ढे में गिर गई, अब भाजपा को यह समझ लेना चाहिए कि भ्रष्टाचार के द्वारा कमाये गये धनबल से हर चीज नहीं खरीदी जा सकती। कांग्रेस पार्टी के विधायकों ने मत विभाजन के दौरान अपनी एकता से यह सिद्ध कर दिया है कि भारतीय जनता पार्टी का कोई भी हथकंडा कांग्रेस पार्टी को तोड़ने की ताकत नहीं रखता और अगले 5 वर्षों तक पार्टी के सभी विधायक, अपने मंत्रियों के साथ मिलकर लोकप्रिय मुख्यमंत्री कमलनाथ  के नेतृत्व में प्रदेश को नई उंचाइयों पर ले जाने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं।

Leave a Reply