भारी बारिश से 2 मकान हुए ढेर, अलर्ट जारी

जयपुर: मानसून की पहली तेज बारिश से आम जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है. पानी निकासी नहीं होने से सड़कों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है. भारी बारिश के चलते कई हादसे भी हो रहे हैं. तेज बारिश के कारण दो मकान ढह गए, वहीं जयपुर सचिवालय में फिसलकर गिरने से एक कार्मिक अशोक शर्मा की मौत हो गई. जयपुर के निचले इलाकों में पानी भरने से हालात बिगड़ते जा रहे हैं. 

अजमेर-जयपुर हाइवे जाम
अजमेर-जयपुर हाइवे पर विनायक पुलिया पर घुटनों तक पानी भरा होने से यातायात जाम हो गया है. दस किलोमीटर लंबी वाहनों की लाइन हाइवे पर लग गई है. बगरू से लेकर जयपुर तक हाईवे पर यही हालात बने हुए हैं. शहर में जलभराव से सड़कों पर कई वाहन भी खराब हो गए हैं. जिससे यातायात जाम की परेशानी और बढ़ गई है. बारिश के दौर ने जेडीए, नगर निगम और शहरी निकाय से जुड़ी संस्थाओं की तैयारियों की पोल खोलकर भी रख दी है. कई इलाकों में पानी का तेज बहाव हादसों को न्यौता देता नजर आया. 

जनजीवन पर असर 
भारी बारिश से जयपुर शहर के विद्याधर नगर और नयागांव, बस्सी में मकान गिर गया. विद्याधर नगर में 2 लोगों को मलबे से सुरक्षित निकाला गया है. बस्सी नयागांव में सिविल डिफेंस की टीम भेजी गई है. मलबे में कई लोगों के दबे होने की जानकारी सामने आ रही है. बार खेड़ा में तालाब तेज बारिश से क्षतिग्रस्त हुआ हैं, इससे कई इलाकों के डूब और बहाव क्षेत्र में आने की आशंका बढ़ गई है. वहीं सिविल डिफेंस की टीम बाराखेड़ा गांव के लिए रवाना हो गई है. 

निचले इलाकों में भरा पानी
जयपुर के करणी विहार, गिरधारीपुरा कच्ची बस्ती, एकता नगर, सांवर मोड, लक्ष्मी पुरा चाकसु, खेड़ी, बहादुरपुरा, सिवदासपुरा, न्यू आतिश मार्केट, मानसरोवर सहित निचले इलाकों में हालात बदतर हो गए हैं. इन पर जयपुर कलेक्ट्रेट कंट्रोल रुम से नजर रखी जा रही है. क्षेत्र में बारिश से हादसे पर जयपुर कलेर्क्टेट के फोन नंबर 0141-2204463, 64, 75 और 76 पर मदद के लिए संपर्क किया जा सकता है. भारी बारिश के चलते स्कूलों में भी अवकाश घोषित कर दिया गया है.
 

Leave a Reply