व्यापारी को लूटने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर। बेलखेड़ा थाना क्षेत्र में व्यापारी पर बेस बॉल के डण्डे से हमला कर एवं हवाई फायर कर रूपये छीनने वाले 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से 60 हजार रुपए नगद, दो कट्टा, एक कारतूस, 5 मोबाइल और दो मोटर सायकिल बरामद की गई हैं। आरोपियों का एक साथी फरार है, जिसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
गढ़ा थाना प्रभारी आसिफ इकबाल ने बताया कि झलोन निवासी आशीष जैन उम्र 37 वर्ष की बेलखेडा में सिद्धार्थ ट्रेडर्स नाम से सीमेंट की दुकान है। 20 जुलाई को आशीष रात 5.30बजे दुकान बंद करके अपने नौकर मोनी यादव के साथ गांव जा रहा था। मातनपुर के पास बेसबाल लिए खड़े बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और हवाई फायर किए। जिससे दोनों दहशत में खेत की तरफ भाग गए। बदमाश एक्टिवा में रखे ९५ हजार रुपए नगद और ५ बही लेकर फरार हो गए।
ऐसे हुई आरोपियों की पहचान ……….
पुलिस ने घटना की जांच शुरू की तो पता चला कि झलोन निवासी शुभम सेन गायब है। उसकी लोकेशन और मोबाइल डिटेल खंगाली गई तो पूरा सच सामने आ गया। पुलिस ने संदेह के आधार पर शुभम सेन, दुर्गेश उर्फ दुर्गा, धर्मेन्द्र, रंजीत, अजीत की जानकारी जुटाई तो पता चला ये पांचों घटना के दिन घटनास्थल पर मौजूद थे। सभी एक दूसरे से मोबाइल पर संपर्क में थे। पुलिस ने ४ आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो सभी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
दुर्गेश और शुभम ने रची थी साजिश ………
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि घटना की साजिश दुर्गेश और शुभम सेन ने रची थी। दोनों को जानकारी थी कि रोजाना आशीष जैने दुकान बंद करने के बाद रकम लेकर गांव जाता है। चूंकि दोनों को सभी क्षेत्रवासी जानते थे इसलिए दोनों ने रंजीत , अजीत एवं धर्मेन्द्र को योजना में शामिल किया। अजीत एवं दुर्गेश की दोस्ती जेल में हुई थी, जिसके बाद दुर्गेश ने जेल से बाहर आकर अजीत से सम्पर्क कर घटना को घटित करने की योजना बनाई।
शुभम ने की थी रैकी ………
घटना के दिन आरोपी शुभम सेन ने सिद्धार्थ ट्रेडर्स के मालिक आशीष जैन की रैकी की। उसने आशीष जैन के प्रत्येक मूवमेंट की जानकारी दुर्गेश को दी। योजना के तहत रंजीत, अजीत, धर्मेन्द्र मातनपुर झलोन मोड पर आशीष जैन का इंतजार कर रहे थे, आशीष जैन के पहुंचते ही तीनों ने बेस बॉल के डंडे से हमला कर दिया। हवाई फायर कर रुपए लूटकर भाग गए। सभी ने रुपए आपस में बांट लिए। घटना में उपयोग की गई मोटर सायकिल चोरी की थी। घटना के बाद से दुर्गेश फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।
