अक्षरधाम हमले का मास्टर माइंड यासीन बट 3 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर

अहमदाबाद | यहां स्पेशल पोटा कोर्ट ने सितंबर 2002 के अक्षरधाम मंदिर पर आतंकी हमले के मास्टर 3 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है| गुजरात एटीएस, एसओजी ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ मिलकर अनंतनाग से यासीन गुलाम बट को गिरफ्तार किया था| गुजरात एटीएस शुक्रवार को गुलाम बट को अहमदाबाद लाई थी और क्राइम ब्रांच को सौंप दिया था| अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने शनिवार को यासीन बट को विशेष पोटा कोर्ट में पेश कर 14 दिनों की रिमांड मांगी थी| सरकारी वकील सुधीर ब्रह्मभट्ट ने कोर्ट में रिमांड की मांग करते हुए कहा कि अक्षरधाम हमले में जिन हथियारों का उपयोग किया गया था, उन हथियारों को यासीन बट ने उपलब्ध करवाया था| जम्मू-कश्मीर से हथियारों को एम्बेसेडर में यासीन बट लेकर आया था| यह एम्बेसेडर और हथियार किससे लिए या खरीदे गए थे और इस मामले के दो आरोपी अब भी फरार है| यह दोनों आरोपी कौन और कहा हैं, इसकी पूछताछ यासीन बट से करनी है| साथ ही यासीन बट को लेकर गुजरात पुलिस जांच के लिए जम्मू-कश्मीर जाएगी| इन सभी मुद्दों को ध्यान में रखते हुए यासीन बट की 14 दिनों की पुलिस रिमांड मंजूर की गई| स्पेशल पोटा कोर्ट ने यासीन बट की 3 अगस्त तक पुलिस रिमांड मंजूर की है|
गौरतलब है यासीन बट का नाम उत्तर प्रदेश के बरेली से 2003 में पकड़े गए चांदखान की पूछताछ में सामने आया था| उसके साथ सभी लोग जम्मू-कश्मीर से उत्तर प्रदेश के बरेली तक एम्बेसेडर कार में हथियार लेकर आए थे| यासीन इन सभी लोगों को बरेली छोड़ने के बाद जम्मू-कश्मीर वापस चला गया था| यह सभी जानकारी चांदखान समेत अन्य एक आरोपी की पूछताछ में मिली थी और उसके बाद से गुजरात एटीएस लगातार यासीन बट पर नजर बनाए हुई थी|
