ओ एल एक्स पर विराट कोहली के नाम पर हुई जालसाजी

झांसी साइबर अपराधी लोगों को चूना लगाने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। थाना रक्सा इलाके में एक सेना के जवान के साथ जालसाजों ने विराट कोहली के नाम पर 23 हजार की ठगी कर ली। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है।
हैवदा गांव निवासी धर्मेंद्र प्रजापति सेना में जवान हैं। कुछ दिन पहले उन्होंने विराट कोहली के नाम से एक कार ओएलएक्स पर बेचने वाला विज्ञापन देखा। कार की कीमत ढाई लाख रुपये बताई गई। दिए गए नंबरों पर संपर्क कर कार की जानकारी व कागजात उपलब्ध कराए गए। उनको बताया गया कि कार की जांच करने के बाद ही पेमेंट करना। कार उनको ट्रांसपोर्ट से भेज दी जाएगी। शुरुआत में उन्होंने पांच हजार रुपये खाते में डाल दिए। इसके बाद पंद्रह हजार रुपये की मांग की, जो उन्होेंने पुन: खाते में डाल दिए। अगले दिन पुन: पंद्रह हजार रुपये की मांग की गई, लेकिन कार उनकेे पास नहीं पहुंची। शक होने पर उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी, जिस पर साइबर ठगों ने अकाउंट पर पैसा भेजने को कहा। खाते की जानकारी लेने के बाद खाते से तीन हजार रुपए और निकाल लिए। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है।
