कभी सिंघम तो कभी सिंबा बन रहें पुलिसकर्मी

अहमदाबाद । बीते दिनों गुजरात के मेहसाणा में तैनात एक महिला पुलिसकर्मी को थाने के अंदर डांस करने और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के मामले में सस्पेंड कर दिया गया था। जिसके बाद अब गुजरात में पुलिसकर्मियों के टिक-टॉक वीडियोज की बाढ़ सी आ गई है। हाल ही में वड़ोदरा में भी एक एसआई के खिलाफ उसके वायरल टिक-टॉक वीडियो को लेकर जांच बैठाई गई है। हालांकि यह सिर्फ दो उदाहरण हैं, लेकिन टिक-टॉक पर गुजरात के पुलिसकर्मियों के अब ऐसे कई वीडियो सामने आ रहे हैं। इन वीडियो में कोई पुलिसकर्मी सिंघम तो कोई सिंबा की भूमिका निभाता दिख रहा है।
इन मामलों में कमिश्नर ने कहा कि, जांच के बाद कार्रवाई की जाएंगी। इस संबंध में गुरुवार को गांधीनगर में वरिष्ठ अधिकारियों ने एक बैठक भी की। बैठक में एक ऐसी योजना बनाने पर चर्चा की गई, जिससे पुलिसकर्मियों को ऑन-ड्यूटी ऐसे वीडियो बनाने से रोका जा सके। अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर ए के सिंह ने कहा, 'पुलिस डिपार्टमेंट पुलिसकर्मियों के ऐसे वायरल विडियोज़ की जांच करेगा और अनुशासनहीनता की दशा में कार्रवाई की जाएगी।' बता दें कि अभी तक सिर्फ अहमदाबाद से ही तीन वीडियो सामने आए हैं, जिनमें एक महिला एएसआई संगीता परमार, एक कॉन्स्टेबल और एक अन्य एएसआई नजर आ रहे हैं। परमार कई अन्य वीडियो में भी नजर आ चुकी हैं। महिला थाने की एसीपी मिनी जोसफ ने कहा कि हम मामले की जांच करेंगे और पता लगाएंगे कि ये वीडियो कब और कहां शूट हुए। उन्होंने कहा, 'एक वायरल वीडियो में एक महिला पुलिसकर्मी वर्दी में दिख रही है और बैकग्राउंड में पुलिस स्टेशन भी है। जांच के बाद उसके खिलाफ ऐक्शन लिया जाएगा।' 

Leave a Reply