विधायक को ब्लैकमेल करने के आरोपी से पूछताछ पूरी, भेजा जेल 

गुरुग्राम । गुरुग्राम शहर विधायक उमेश अग्रवाल को ब्लैकमेल करने वाले आरोपी विजय शुक्ला से पुलिस की पूछताछ पूरी होने के बाद उसे शनिवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। आरोपी ने विधायक से एडिट किए हुए विडियो के आधार पर ब्लैकमेल कर तीन करोड़ की रकम मांगी थी। थाना प्रभारी सेक्टर- 5 सुमित कुमार का कहना है कि मुख्य आरोपी से पूछताछ पूरी हो चुकी है अब इस मामले में बाकी आरोपियों की भूमिका की जांच कराई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मूल रूप से इलाहाबाद के रहने वाले आरोपी विजय शुक्ला ने 4 दिन की रिमांड के दौरान कई अहम खुलासे किए हैं। आरोपी ने बताया कि दिल्ली हरीनगर में अपने न्यूज पोर्टल के दफ्तर के लिए दुकान की रजिस्ट्री के लिए रकम के इंतजाम के लिए विधायक के खिलाफ साजिश रची थी। उसने पुलिस को सामने यह भी कबूल किया गया है कि उसे किसने यह विडियो उपलब्ध कराई और इस वारदात में किन किन लोगों ने सहयोग किया। हालांकि पुलिस जांच जारी होने की बात कहते हुए इस खुलासे पर कुछ भी बोलने से परहेज कर रही है। इस पूरे घटनाक्रम में अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच के लिए पुलिस आरोपी के मोबाइल की सीडीआर निकलवाई है। जिसमें इस दौरान जिन जिन नंबरों से बातचीत की गई है उसका डाटा निकाला जा रहा है। पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकन के मुताबिक इस पूरे मामले में पुलिस जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि रिमांड अवधि के बाद आरोपी को अदालत में पेश करते समय उसके वकील ने जमानत याचिका लगाई थी। लेकिन अदालत ने उसकी याचिका खारिज करते हुए जेल भेजने के आदेश दिए हैं। गौरतलब है कि आरोपी लोकल न्यूज आफ इंडिया के नाम से वेब पोर्टल का संचालन करता था और खुद को पत्रकार बताते हुए लोगों से मिलता था। 

Leave a Reply