अभी कम नहीं होगी मुंबईकरों की आफत, फिर भारी बारिश की चेतावनी जारी

मुंबई वासियों के लिए एक बार फिर बारिश आफत खड़ी कर सकती है. मौसम विभाग के अनुसार मुंबई और आसपास के इलाकों में रविवार को भारी बारिश होने की आशंका है. उल्लेखनीय है कि इससे पहले शनिवार को भी शहर और आसपास के इलाकों में भारी बारिश हुई थी, जिसके बाद जलभराव के चलते लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था. मौसम विभाग की चेतावनी जारी होने के बाद बीएमसी ने लोगों को घरों में ही रहने की सलाह दी है. साथ ही बीएमसी ने कहा कि बारिश से निपटने के लिए तैयारी कर ली गई है.

बीएमसी प्रवक्ता ने कहा कि हमने लोगों को आपदा के बारे में सचेत किया है. आपदा प्रबंधन सेल सहित नागरिक तंत्र को अलर्ट पर रखा गया है.' उन्होंने कहा कि जहां भी आवश्यकता होती है, वार्ड के अधिकारियों को अपने अधिकार क्षेत्र में दौरा करने के लिए कहा गया है.शनिवार को हुई थीं 11 उड़ानें रद्द
मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के एक अधिकारी ने जानकारी दी कि भारी बारिश और कम विजिबिलिटी के चलते शनिवार को 11 उड़ानों को रद्द किया गया था. इसके साथ ही 9 विमानों को अन्य हवाई अड्डों पर डायवर्ट किया गया था.महालक्ष्मी एक्सप्रेस में फंस गए थे यात्री
इससे पहले शनिवार को ठाणे के बदलापुर के पास महालक्ष्मी एक्सप्रेस में फंसे 700 यात्रियों को बचाने के लिए एक मल्टी-एजेंसी ऑपरेशन किया गया था. एनडीआरएफ, सेना, नौसेना, वायु सेना और रेलवे की टीमों ने 17 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद करीब दोपहर 3 बजे यात्रियों को बचाया. यात्रियों को बाद में विशेष ट्रेन से रवाना किया गया था.वहीं, ठाणे में भारी बारिश के बाद 120 से ज्यादा लोग अलग-अलग हिस्सों में फंस गए थे, जिसके बाद वायुसेना ने सभी काे एयरलिफ्ट कर सुरक्षित स्‍थान पर पहुंचाया था.

Leave a Reply