उल्हासनगर मनपा द्वारा वालधुनी नदी के लिए कोई अलर्ट नहीं

उल्हासनगर। पिछले तीन दिनों से मुंबई, ठाणे समेत डोंबिवली, कल्याण, उल्हासनगर, अंबरनाथ, बदलापुर आदि क्षेत्रों में हो रही भारी वर्षा के कारण जगह जगह जलजमाव और बाढ़जन्य परिस्थितियों का सामना आम जनता को करना पड़ रहा है. हालत २६ जुलाई २००५ जैसी हो चली है जब लोगों को बाढ़ का सामना करना पड़ा था. बीते ४८ घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते उल्हास नदी और वालधुनी नदी पूरे उफान पर है और जगह-जगह नालों का गन्दा पानी लोगों के घरों व दुकानों में घुस गया है. सड़कों पर २ से ३ फुट पानी जमा है. यानि चारों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है. नदी-नालों पर अतिक्रमण करके अपने मकान, दुकान और इमारतें बनाने वाले स्वार्थी लोगों को प्रकृति ने अपना जलवा दिखा ही दिया है. शहरों में लोगों के घरों-दुकानों में पानी घुसने से करोड़ो रुपयों का नुकसान हुआ है और हजारों लोग विस्थापित हो गए हैं. परंतु, उल्हासनगर मनपा द्वारा वालधुनी नदी और उल्हास नदी के लिए कोई अलर्ट नहीं दिये जाने से स्थानीय नेताओं के साथ जनता में भी रोष व्याप्त हैं. प्रशासन की लापरवाही के कारण लोगों में रात भर से अफरातफरी का माहौल रहा, भगदड़ मची रही, लोगों का जो करोड़ो रूपये का नुकसान हुआ उसकी भरपाई लापरवाह प्रशासन करे ऐसी मांग सभी स्तर से आ रही हैं. उल्लेखनीय है कि प्रतिवर्ष उल्हास नदी और वालधुनी नदी के जलस्तर बढ़ जाने से होने वाले खतरे की सूचना प्रशासन द्वारा दी जाती है ताकि लोग सावधान हो जाएं और सुरक्षित जगहों पर चले जाएं परंतु इस साल प्रशासन द्वारा ऐसी कोई सूचनाएं नहीं दिए जाने के कारण अचानक आई बाढ़ से लोगों में भगदड़ मच गई, जिसे जहां जगह मिली वहां लोगों ने शरण ली. प्रशासन की इस लापरवाही के कारण लोगों के जानमाल का करोड़ो का जो नुकसान हुआ वो प्रशासन से वसुला जाए ऐसी मांग सामाजिक संगठनों द्वारा की जा रही है. उधर अंबरनाथ का प्रसिद्ध प्राचीन शिवमन्दिर में भी वालधुनी नदी का पानी घुस गया है. उल्हासनगर रेलवे स्टेशन के बाहर पादचारी पुल टुटने से आवाजाही में यात्रियों को मुसीबत का सामना करना पड़ा. उमनपा उपायुक्त देहेरकर और एकनाथ पवार ने स्थितियों का जायज़ा लेकर पादचारी पुल को ठीक कराए जाने के प्रयास शुरू हैं.
– बढे मदद के हाथ
भारी बरसात के बावजुद धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक संगठनों द्वारा मानवता के आधार पर यथाशक्ति बाढ़ में परेशान लोगों की सेवा की जा रही है. थाहरिया सिंग दरबार द्वारा 2 दिन से लगातार लंगर, चाय नास्ता सेवा चल रही है. शहर के पूर्व विधायक कुमार आयलानी परिवार और भाजपा द्वारा टाउन हॉल में भोजन और रहने की व्यवस्था की गई है, टीम ओमी कालानी द्वारा जनता में राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है, उल्हास नदी बचाओ कार्यकर्ताओं द्वारा म्हारल, पैनल 10 के पंचशील नगर में वालधुनी नदी का पानी बड़ी मात्रा में घुसने से परेशान हज़ारो लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का काम रातभर स्थानीय शिवसेना कार्यकर्ताओं और नगरसेविका श्रीमती बहनवाल व पप्पू बहनवाल द्वारा किया गया, 12 नम्बर पैनल के शिवाजी रगड़े मित्र परिवार ने भी वालधुनी नदी के प्रकोप से जनता को रातभर सुरक्षित किया. वरप काम्बा गांव में जनसेवा दी गयी, शिवसेना और मनसे पक्ष द्वारा भी जगह जगह लोगों के बीच जाकर ट्रैफिक में, नालों के बहाव में फसे यात्रियों के लिए अपनी सेवाएं दी गयी. सी ब्लॉक रोड पर पूरी तरह से जलजमाव हुआ, स्थानीय नगरसेवकों बिट्टू सहोता, अंकुश म्हस्के आदि ने प्रशासन के साथ मिलकर उपाय योजना कार्यान्वित की. कांग्रेस पार्टी के युवा नेता रोहित सालवे की टीम द्वारा अम्बरनाथ और उल्हासनगर में कार्य किया गया. टीम द युवा द्वारा अम्बरनाथ में कल रात से ही पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर जनता को राहत सामग्री पहुंचाई गयी. बहरहाल सभी पक्ष, दल, समाज के लोगों द्वारा अपनी एकजुटता दिखाते हुए इस बाढ़जन्य परिस्थितियों से जनता को निपटने में सहकार्य दिया जा रहा है.
