बरसते पानी में भी उत्साह के साथ सड़कों पर दौड़ी 500 से अधिक स्मार्ट बेटियां

इन्दौर । भारतीय जैन संगठन के तत्वावधान में आज सुबह बरसते पानी में शहर के पांच विद्यालयों की 500 से अधिक बेटियों ने मिनी मैराथन में उत्साह के साथ भाग लिया। गांधी हाॅल पर प्रसिद्ध क्रिकेटर सजंय जगदाले ने हरी झंडी दिखाकर इस अनूठी दौड़ का शुभारंभ किया, वहीं जंजीरवाला चौराहा पहुंचने पर रेसकोर्स रोड स्थित मोहता भवन पर प्रख्यात क्रिकेट उद्घोषक पद्मश्री सुशील दोशी ने इन बेटियों की अगवानी की। यातायात डीएसपी महेंद्र जैन ने बेटियों सहित उपस्थित सभी लोगों को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई।
भारतीय जैन संगठन के तत्वावधान में गत एक माह से कक्षा 9वीं से 12वीं तक की इन बेटियों को स्मार्ट गर्ल का प्रशिक्षण दिया जा रहा था। प्रशिक्षण पूरा होने पर आज यह अनूठी मैराथन रखी गई। प्रदेशाध्यक्ष दिलीप डोसी एवं समन्वयक शैलेष वेद, संयोजक पीयूष जैन एवं श्रीमती कमलेश जैन ने प्रारंभ में सभी अतिथियों एवं इन बेटियों की अगवानी करते हुए कहा कि इनका आत्मविश्वास बढ़ाने तथा विपरित हालातों का सामना करने में सक्षम बनाने हेतु यह प्रशिक्षण दिया गया। गांधी हाॅल से प्रारंभ मैराथन एमजी रोड, हाईकोर्ट चौराहा, घंटाघर चौराहा, जंजीरवाला चौराहा होते हुए मोहता भवन पहुंची जहां राष्ट्रसंत रत्नसुंदर म.सा. की निश्रा में साध्वी देशनानिधि श्रीजी ने भी इन्हें आशीर्वचन देते हुए भारतीय जैन संगठन द्वारा दिए गए प्रशिक्षण को जीवन में उतारने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर क्रिकेटर उदघोषक सुशील दोशी ने क्रिकेट खिलाड़ी विराट कोहली के जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंग सुनाते हुए बेटियों का आव्हान किया कि वे अपने उत्साह में कमी नहीं आने दें और हर चुनौती का जवाब अपने काम से दें। इस अवसर पर भारतीय जैन संगठन के प्रदेशाध्यक्ष दिलीप डोसी, विजय मेहता, सतीश पामेचा, हेमलता अजमेरा, पराग जटाले ने भी संबोधित किया। संचालन अनिल रांका ने किया और आभार माना मुकेश सामोता ने। यातायात डीएसपी महेंद्र जैन ने कहा कि इन्दौर अब यातायात के क्षेत्र में भी नंबर वन बन सकता है। उन्होंने सभी बेटियों और उपस्थित समाजबंधुओं को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई। अंत में सभी बेटियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। आज जिन स्कूलों की बेटियों ने इस मैराथन में भाग लिया उनमें सन्मति स्कूल, प्रगति स्कूल, वैष्णव, सराफा एवं गुजराती समाज इंग्लिश मीडियम स्कूल की बेटियां शामिल थीं। इस पूरे आयोजन के प्रमुख सहयोगी कल्पक गांधी, मनीष सुराना, विशाल डागरिया, मुकेश सामोता, प्रदीप टोंग्या, राजेश झामड़ भी विशेष रूप से उपस्थित थे।
