मैहर में दौड़ती स्लीपर बस में लगी भीषण आग, ड्राइवर-कंडक्टर ने कूदकर बचाई जान

मैहर: नेशनल हाईवे-30 पर मंगलवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब चलती स्लीपर बस अचानक आग की लपटों में घिर गई. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बस में सवार 3 लोगों ने समय रहते बस से बाहर कूदकर अपनी जान बचा ली. वहीं, देखते ही देखते पूरी स्लीपर बस जलकर खाक हो गई.

आग लगने से पहले बस में आई थी खराबी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जय भवानी ट्रेवल्स की स्लीपर बस इंदौर से रीवा के लिए रवाना हुई थी. यात्रा के दौरान कटनी के पास बस में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके चलते बस को रोककर उसकी मरम्मत कराई गई. मरम्मत के बाद बस को वापस रवाना किया गया और वह रीवा की ओर लौट रही थी तभी यह घटना घटित हो गई.

भेड़ा गांव के पास अचानक उठीं चिंगारियां

रीवा की ओर लौटते वक्त देर रात अचानक बस जैसे ही मैहर जिले के नादन थाना क्षेत्र अंतर्गत भेड़ा गांव के पास पहुंची, तभी बस के अगले हिस्से से अचानक चिंगारियां निकलने लगीं. कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया और बस धू-धू कर जलने लगी. आग लगते ही बस में सवार चालक, कंडक्टर और हेल्पर तुरंत बस रोककर बाहर कूदे.

आग बुझाने की कोशिश नाकाम

घटना में बस चालक और कंडक्टर ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग तेजी से फैलती गई और कुछ ही देर में पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया. देखते ही देखते बस आग का गोला बन गई और जलकर खाक हो गई. घटना की सूचना तुरंत डायल-112 के माध्यम से पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई. सूचना मिलते ही नादन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर हाईवे पर यातायात को कुछ समय के लिए डायवर्ट कराया गया. इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया हालांकि, तब तक बस पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी.

हाईवे पर लगा जाम

बस में आग लगने की घटना के बाद नेशनल हाईवे-30 पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा. सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और धीरे-धीरे यातायात सामान्य कराया. घटना की जानकारी देते हुए बस परिचालक रूद्र सिंह बघेल ने बताया, '' बस इंदौर से रीवा के लिए आ रही थी, तभी अचानक से कटनी के पास बस में खराबी होने की वजह से बस को रोका गया. बस में मरम्मत का कार्य किया गया, उसके बाद कटनी से निकलने के बाज मैहर के भेड़ा गांव के पास अचानक से बस पर चिंगारी उठने लगी और देखते ही देखते आग का गोला बन गई. हम लोगों ने बस से कूद कर अपनी जान बचाई.''

शॉर्ट सर्किट हो सकता है आग लगने का कारण

घटना की जानकारी लगते ही थाना प्रभारी रेनू मिश्रा मौके पर पहुंचीं उन्होंने बताया, '' घटना की जानकारी लगते ही मौके पर पुलिस बल पहुंचा है और बस में लगी आग को बुझाने का कार्य करवाया गया. फिलहाल अभी स्थिति सामान्य है और किसी भी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है.'' प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में आग लगने का कारण तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है.

Leave a Reply