जयपुर के गुलर डैम में फिसले 2 बच्चों का शव बरामद

जयपुर: जयपुर शहर के सांगानेर इलाके में रविवार दोपहर गुलर डैम में डूबे दो बच्चों का शव बरामद कर लिया गया. जानकारी मिलने के बाद एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस के गोताखोरों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. करीब 2 घंटे तक चले इस ऑपरेशन के बाद दोनों के शव को बाहर निकाला गया. अस्पताल में चिकित्सकों ने इन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने बताया कि मृतक बच्चों की पहचान समीर और शाहिद के तौर पर हुई है. इनकी उम्र 12-13 साल के बीच थी. बच्चे शिकारपुरा रोड, सांगानेर के रहने वाले हैं.
बता दें, गुलर डैम द्रव्यवती नदी से जुड़ा हुआ है. जिसमें बहकर दोनों बच्चे नदी में दूर तक चले गए. खबर के अनुसार, करीब दो घंटे तक बाद एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस के गोताखोर दोनों बच्चों के शव को निकालने में कामयाब हुए.
घटना के बारे में जानकारी देते हुए प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों बच्चे द्रव्यवती नदी के किनारे घूम रहे थे. इसी दौरान उनकी चप्पल गुलर के बंधे के पानी में गिर गई. जिसके बाद बच्चे पानी में से चप्पल निकालने का प्रयास कर रहे थे. जिसमें उनका पैर फिसल गया. इस दौरान वे तेज प्रवाह में बह रही नदी के साथ बहने लगे. इसी बीच वहां मौजूद लोगों ने पुलिस व स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दी.
जानकारी मिलने के बाद पुलिस और सिविल डिफेंस और एसडीआरएफ की टीम ने वहां पहुंच कर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. करीब दो घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों बच्चों का बाहर निकाला गया. जहां हॉस्पिटल में उन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
