नकली चाबी बनाकर चुराए 1 करोड़ रुपए

गाजियाबाद । गाजियाबाद कविनगर थाना क्षेत्र में पुलिस मुस्तैदी के दावें लगातार खोखले साबित हो रहे है। दरअसल,पुलिस की मुस्तैदी के बाद भी चोर लगातार वारदात को अंजाम दे रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार रात चोरों ने यहां एक कारोबारी के घर से 1 करोड़ रुपये से ज्यादा का माल चुरा लिया। जानकारी के अनुसार आरोपित डुप्लीकेट चाबी से घर में दाखिल हुए थे। वहीं, पीड़ित ने बताया कि चोर 1 लाइसेंसी रिवॉल्वर भी ले गए हैं। इस संबंध में पीड़ित ने थाना पुलिस को शिकायत दी है। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि अभी परिवार की तरफ से नुकसान की पूरी जानकारी नहीं मिली है। सीसीटीवी फुटेज में दो चोर दिखे हैं, जिनकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। परंतु इस मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि जहां इस वारदात कों अंजाम दिया गया, वहां से कविनगर चौकी महज 100 मीटर की दूरी पर है। बताया जा रहा है कि कविनगर एल ब्लॉक निवासी कारोबारी आर.बी. बंसल की पाइप फैक्ट्री है। शुक्रवार को उनकी पोती का बर्थडे था। वह रात करीब 8 बजे बेटे अंशुल, पत्नी अर्चना, बहू इति और पोती के साथ पार्टी करने बाहर गए थे। जब वह रात करीब 10:30 बजे घर लौटे तो मैन गेट का ताला एक चाबी से खुला हुआ था।बाद में वह अंदर आने पर उन्होंने कमरों के गेट खुले और सामान बिखरा पड़ा पाया। जिस पर परिवार को घर में कुछ लोगों के होने का अंदेशा हुआ। अंकुश फौरन ऊपर की तरफ भागे, तो उन्हें देख चोर गेट अंदर से लॉक कर छत पर पहुंचे और पड़ोसी की छत से साड़ी के माध्यम से उतर कर फरार हो गए। परिवार के अनुसार चोर घर से जूलरी, कैश और आरबी बंसल के भाई की लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार चोर करीब 1 करोड़ रुपये का माल ले गए हैं। हालांकि परिवार के लौटने के बाद चोर चांदी की जूलरी, कुछ नोटों की गड्डी छोड़कर भाग गए। छत से उतरते वक्त भी कुछ रुपये सड़क पर गिर गए।
