तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा झटका: विजय की पार्टी को एनडीए का ऑफर, चुनावी समीकरण हो सकते हैं बदल

चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में फिल्मी दुनिया का असर हमेशा से रहा है और अब एक बार फिर सिनेमा से जुड़े चेहरे के कारण सियासी समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं। अभिनेता विजय (Vijay) की पार्टी (Tamilaga Vettri Kazhagam (TVK) को लेकर भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) ने बड़ा कदम उठाया है। सूत्रों के मुताबिक बीजेपी ने विजय की पार्टी को (National Democratic Alliance) (एनडीए) में शामिल होने का खुला प्रस्ताव दिया है।
उपमुख्यमंत्री पद और 80 सीटों का ऑफर
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, संभावित गठबंधन के तहत बीजेपी ने TVK को लगभग 80 विधानसभा सीटें देने की पेशकश की है। इसके साथ ही विजय को उपमुख्यमंत्री पद का ऑफर भी दिया गया है। पार्टी रणनीतिकारों का मानना है कि यदि विजय के प्रशंसकों का वोट एनडीए के साथ जुड़ता है तो राज्य की चुनावी तस्वीर पूरी तरह बदल सकती है।
चुनाव से पहले तेज हुई सियासी हलचल
खबरों के मुताबिक Election Commission of India जल्द ही तमिलनाडु समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की घोषणा कर सकता है। इससे पहले ही राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। बीजेपी के भीतर यह आकलन किया जा रहा है कि महज 2 प्रतिशत वोटों का अंतर भी जीत और हार तय कर सकता है। यही वजह है कि विजय की लोकप्रियता को देखते हुए पार्टी उनके साथ गठबंधन की कोशिश कर रही है।
सीएम पद को लेकर अटकी बात
सूत्रों के अनुसार, गठबंधन पर बातचीत अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और इसमें एक अन्य राज्य के उपमुख्यमंत्री मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे हैं। हालांकि, बीजेपी की ओर से उपमुख्यमंत्री पद और सीटों का प्रस्ताव दिए जाने के बावजूद बातचीत पूरी तरह तय नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि विजय अपनी पहली चुनावी पारी में ही मुख्यमंत्री पद की दावेदारी चाहते हैं।
समर्थकों में भी मतभेद
रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि विजय के कुछ करीबी सलाहकार इस गठबंधन को लेकर असमंजस में हैं। उनका मानना है कि यदि विजय अपनी पहली राजनीतिक परीक्षा में ही एनडीए के साथ आ जाते हैं तो इससे उनकी स्वतंत्र राजनीतिक छवि प्रभावित हो सकती है।
द्रमुक और अन्नाद्रमुक के लिए नई चुनौती
अगर यह गठबंधन होता है तो तमिलनाडु की राजनीति में नया मोड़ आ सकता है। अब तक मुख्य मुकाबला Dravida Munnetra Kazhagam (DMK) और All India Anna Dravida Munnetra Kazhagam (AIADMK) के बीच माना जाता रहा है, लेकिन बीजेपी और विजय की पार्टी के साथ आने से राज्य में त्रिकोणीय मुकाबले की स्थिति बन सकती है।
