भोपाल में कांग्रेस ने किया अनोखा विरोध, महिलाओं को बांटे लकड़ी के चूल्हे

भोपाल: अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध की वजह से भारत में एलपीजी गैस की सप्लाई प्रभावित हो रही है. गैस एजेंसियों के सामने उपभोक्ताओं की लंबी लाइन है. वहीं होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को भी कमर्शियल सिलेंडर नहीं मिल रहा है. इस बीच जिला कांग्रेस भोपाल ने शहर के प्रभात पेट्रोल पंप के पास अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया. इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महिलाओं को लकड़ी के चूल्हे बांटकर सरकार पर निशाना साधा.

गैस एजेंसी के सामने किया प्रदर्शन

नरेला विधानसभा क्षेत्र में भारत गैस एजेंसी के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया. यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अमित खत्री और मनोज शुक्ला के नेतृत्व में हुए इस विरोध में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों ने एजेंसी के बाहर नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि सरकार जमीनी हकीकत से आंखें मूंद रही है और आम जनता को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है.

एलपीजी के साथ मंहगाई का मुद्दा उठाया

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने महिलाओं को लकड़ी के चूल्हे वितरित किए. जिसे उन्होंने प्रतीकात्मक विरोध बताया. उनका कहना था कि हालात ऐसे हो गए हैं कि लोगों को आधुनिक गैस व्यवस्था छोड़कर पुराने तरीकों की ओर लौटने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है. प्रदर्शन के दौरान महंगाई का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया गया.

आम आदमी की जेब पर पड़ रहा असर

कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि "इसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है. कांग्रेस का आरोप है कि रसोई गैस सिलेंडर संकट, महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं ने जनता को परेशान कर दिया है, जबकि सरकार सिर्फ दावों में व्यस्त है." इस प्रदर्शन के जरिए कांग्रेस ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में यह मुद्दा और जोर पकड़ सकता है.

 

Leave a Reply