थाने से वर्दी चुराकर बना फर्जी जवान, डीजे पर नाचते युवक का वीडियो वायरल

जोधपुर। ग्रामीण के पीपाड़ सिटी में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जिसने पुलिस और आमजन दोनों को हैरान कर दिया। कस्बे के पुलिस थाना परिसर में सूख रही वर्दी की एक शर्ट को एक युवक उठा ले गया और उसे पहनकर सीधे एक शादी समारोह में पहुंच गया। वर्दी पहनने के बाद उसका आत्मविश्वास इतना बढ़ गया कि वह डीजे के पास जा पहुंचा और लोगों के बीच खुद को पुलिसकर्मी की तरह पेश करने लगा।

'ज्यूं-ज्यूं म्हारी कमर हाले' पर जमकर नाजा युवक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने राजस्थानी गाने 'ज्यूं-ज्यूं म्हारी कमर हाले' पर करीब एक घंटे तक जमकर डांस किया। उसकी पैंट का रंग भी खाकी जैसा था, जिससे वहां मौजूद कई लोग उसे असली पुलिसकर्मी समझ बैठे। माहौल इतना उत्साहपूर्ण हो गया कि कुछ लोगों ने उसे साफा भी पहना दिया, जिससे उसका लुक पूरी तरह पुलिसकर्मी जैसा नजर आने लगा। शादी में मौजूद लोगों ने उसके डांस का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

मानसिक रूप से अस्वस्थ है युवक

वीडियो वायरल होने के बाद पूरे इलाके में यह चर्चा का विषय बन गया। लोगों के बीच यह घटना हास्य और हैरानी दोनों का कारण बनी रही। जब पुलिस तक यह मामला पहुंचा, तो उन्होंने जांच शुरू की और शर्ट गायब होने की पुष्टि की। जांच में सामने आया कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है और अक्सर थाने के आसपास घूमता रहता है। पुलिसकर्मियों ने बताया कि वे उसे पहले भी कई बार समझाकर वहां से हटाते रहे हैं, लेकिन सख्ती करने पर वह उग्र हो जाता है।

समझाइश देकर छोड़ा गया

शर्ट गायब होने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने युवक की तलाश की और उसे ढूंढ निकाला। बाद में उससे वर्दी वापस ले ली गई और उसे समझाइश देकर छोड़ दिया गया। युवक की मानसिक स्थिति को देखते हुए पुलिस और स्थानीय लोगों ने उसके प्रति संवेदनशीलता भी दिखाई। साथी, पुलिस थाने से वर्दी ले जाने की घटना को लेकर लोग चर्चा कर रहे हैं।

Leave a Reply