
Bihar Politics मनोज तिवारी ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि सब कुछ सामान्य है और 10 अप्रैल तक राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला कर लिया जाएगा। वहीं, नीतीश कुमार ने विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। वे 10 अप्रैल को राज्यसभा के सदस्य के रूप में शपथ लेंगे।मंगलवार देर रात मनोज तिवारी औरंगाबाद से लौटते हुए रोहतास जिले के डेहरी पहुंचे, जहां एनडीए कार्यकर्ताओं ने उन्हें पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों के चलते वे अभी नए मुख्यमंत्री का नाम सार्वजनिक नहीं कर सकते। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि 10 अप्रैल तक इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी।
नीतीश का बदल जायेगा पता!
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है और अब वे 1 अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास भी छोड़ने की तैयारी में हैं। इसी बीच चर्चा है कि पद छोड़ने पर उनका आवासीय पता भी बदल जाएगा। नीतीश कुमार 1 अणे मार्ग स्थित सरकारी आवास छोड़कर 7 सर्कुलर रोड स्थित नए आवास में शिफ्ट होंगे। मंगलवार को उन्होंने अपने संभावित नए आवास का निरीक्षण भी किया। सूत्रों के अनुसार, इस आवास से नीतीश कुमार का भावनात्मक जुड़ाव भी है। वे अक्सर सुबह यहां आते रहे हैं और परिसर में लगे बोधि वृक्ष को नमन करते हैं। यही कारण है कि मुख्यमंत्री आवास खाली करने के बाद वे दोबारा 7 सर्कुलर रोड में शिफ्ट होना चाहते हैं।
नीतीश का ‘लकी’ आवास 7 सर्कुलर रोड
7 सर्कुलर रोड का आवास राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जाता है। 2015 के विधानसभा चुनाव के दौरान नीतीश कुमार इसी आवास में रह रहे थे। उस समय उन्होंने महागठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ा और बाद में गठबंधन के सहयोग से बिहार में सरकार बनाई। उस जीत के बाद उनकी राजनीतिक वापसी को भी इसी आवास से जोड़ा जाता है, जिससे इस पते का उनके लिए खास महत्व माना जाता है।
कौन बनेगा अगला मुख्यमंत्री?
बिहार में नीतीश कुमार के बाद अगले मुख्यमंत्री को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। इस मुद्दे पर बीजेपी के भीतर मंथन जारी है। एनडीए सूत्रों के अनुसार, अगला मुख्यमंत्री ऐसा होगा जो नीतीश कुमार की पसंद का हो। र्टी सूत्रों का कहना है कि बीजेपी अपनी परंपरा के अनुसार इस बार भी किसी नए चेहरे पर दांव लगा सकती है। हालांकि, संभावित नामों में बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार और दीघा विधायक संजीव चौरसिया के नामों पर चर्चा हो रही है।