विधानसभा में आज एक दिवसीय सेमीनार का उद्धघाटन करेंगे पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी

जयपुर: राष्ट्रमण्डल संसदीय संघ (राजस्थान शाखा ) एवं लोकनीति CSDS के संयुक्त तत्वावधान में विधायकों के लिए 1 अगस्त को विधानसभा में सेमीनार आयोजित किया जाएगा. विधानसभा सचिव प्रमिल कुमार माथुर ने बताया कि पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी मुख्य अतिथि के रूप में दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे. इस अवसर पर सीपीए राजस्थान शाखा के प्रेसीडेंट एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ.सी.पी. जोशी, वाइस प्रेसीडेंट एवं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, वाइस प्रेसीडेंट एवं प्रतिपक्ष नेता गुलाब चन्द कटारिया और सचिव विधायक संयम लोढ़ा मौजूद रहेंगे.
माथुर ने बताया कि सेमीनार में 'तुलनात्मक वैश्विक संदर्भ में संसदीय लोकतंत्र और इसमें भारत का योगदान' विषय पर वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त उमेश सिन्हा की अध्यक्षता में प्रथम तकनीकी सत्र की शुरुआत होगी. इस सत्र में केन्द्रीय विश्वविद्यालय, हैदराबाद के डॉ. कैलाश, पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ के प्रो. आशुतोष कुमार तथा ब्राउन यूनिवर्सिटी यू.एस.ए. के प्रो. आशुतोष वार्ष्णेय मुख्य वक्ता होंगे. इस सत्र में संसदीय कार्य मंत्री शांति कुमार धारीवाल मौजूद रहेंगे.
सेमीनार में दोपहर भोज के बाद 2.30 बजे से 'भारत में बदलती दलीय व्यवस्था और संसदीय लोकतंत्र की समसामयिक चुनौतियां विषय पर निदेशक CSDS दिल्ली प्रो. संजय कुमार की अध्यक्षता में द्वितीय सत्र आयोजित किया जाएगा. इस सत्र में सावित्री बाई फूले विश्वविद्यालय पुणे से सेवानिवृत्त प्रो. सुहास पलशिकर एवं जैन यूनिवर्सिटी, बेंगलुरू के वाइस चांसलर प्रो. संदीप शास्त्री मुख्य वक्ता होंगे. इस सत्र में उप नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ मौजूद रहेंगे.
शाम 4 बजे समापन सत्र आयोजित किया जाएगा जिसमें निर्वाचन आयुक्त सुशील चन्द्रा मुख्य अतिथि तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय नई दिल्ली के निदेशक प्रो. जोया हसन मुख्य वक्ता होंगे. इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ.सी.पी. जोशी, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं नेता प्रतिपक्ष गुलाब चन्द कटारिया मौजूद रहेंगे .
सेमीनार में सीपीए के सदस्य के रूप में 15वीं विधानसभा के सभी विधायक शामिल होंगे. सेमीनार के लिए पूर्व विधायक, विश्वविद्यालयों के शिक्षक, शोधार्थी, सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी, वरिष्ठ पत्रकार और स्वंयसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है.
