मेडिकल कालेजों में बेहतर चिकित्सा सुविधायें सुलभ करायें-टण्डन

लखनऊ । प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री आशुतोष टंडन ने प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के अन्तर्गत स्थापित किये जाने वाले सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सालयों को शीघ्रातिशीघ्र प्रारम्भ किये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने बीआरडी मेडिकल कालेज, गोरखपुर में 150 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित किये गये 200 शैय्यायुक्त सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सालय में पांच विभागों न्यूरो सर्जरी, कार्डियोलाॅजी, नेफ्रोलाॅजी, न्यूरो सर्जरी एवं यूरो सर्जरी में ओपीडी, आईपीडी एवं आपरेशन थियेटर को इसी माह से सुचारू रूप से क्रियाशील किये जाने के निर्देश दिये।
बुधवार को यहां आयोजित समीक्षा बैठक में चिकित्सा शिक्षा, प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशुतोष टण्डन ने समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता में विशेष सुधार करने एवं मेडिकल कालेजों में आने वाले मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधायें उपलब्ध कराये जाने के लिये विशेष प्रयास किये जायें। चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने एमएलबी मेडिकल कालेज, झाॅंसी में 150 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित किये जाने वाले 246 शैययायुक्त सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सालय में 06 विभागों प्लास्टिक सर्जरी, न्यूरो सर्जरी, कार्डियोलाॅजी, यूरोलाॅजी, न्यूरोलाॅजी एवं नेफ्रोलाॅजी में ओपीडी, आईपीडी एवं आपरेशन थियेटर को माह सितम्बर, 2019 में ही सुचारू रूप से क्रियाशील किये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने एलएलआरएम मेडिकल कालेज, मेरठ में 150 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित किये जाने वाले 200 शैय्यायुक्त सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सालय में 04 विभागों न्यूरो सर्जरी, पीडियाट्रिक सर्जरी, प्लास्टिक एण्ड रिकन्स्ट्रक्शन सर्जरी एवं रेडियोथेरेपी में ओपीडी, आईपीडी एवं आपरेशन थियेटर को माह अगस्त, 2019 में ही सुचारू रूप से क्रियाशील किये जाने के निर्देश दिये।
