मुंबई में बेस्ट के बस में लगी भीषण आग, सभी यात्री सुरक्षित

मुंबई। मुंबई के माटुंगा इलाके में महेश्वरी उद्यान के पास बेस्ट की एक बस में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया. इस बस में उस वक्त स्वर तीन यात्री तत्काल बस से उतर गए. जिससे कोई जनहानि नहीं हुई लेकिन बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ली बस डिपो की २७ क्रमांक की बस थी जो मुलुंड के वैशाली नगर से वर्ली मार्ग पर जा रही थी. बुधवार दोपहर करीब साढ़े चार बजे माटुंगा-किंग्जसर्कल के दरम्यान महेश्वरी उद्यान के पास जब बस पहुंची तब बस चालक के कैबिन में इलेक्ट्रिक बोर्ड से धुंआ आने लगा और आग भड़क गई. यह देख बस चालक ने बस पुल से नीचे उतारकर सड़क पर खड़ी कर दी. इस बीच बस में सवार तीन यात्री और कंडक्टर भी नीचे उतर गए. बस चालक ने कैबिन में लगी आग को काबू में करने का प्रयास किया लेकिन आग इतनी तेज लगी थी कि समूचे बस में आग पकड़ ली. मौके पर पहुंची दमकल विभाग की गाड़ियों ने आग को काबू में किया मगर तबतक बस पूरी तरह से जल चुकी थी.
