चाकुओं से गोदकर पहलवान की हत्या, दो दिन पहले लेकर आया था कावड़

पानीपत में बदमाशों के हौसले बुलंद है. ताजा मामला पानीपत की इसराना अनाज मंडी का है जहां एक राज्य स्तरीय कुश्ती पहलवान की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई. अज्ञात बदमाश वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए. बदमाशों द्वारा इसराना अनाज मंडी में बुधवार देर रात इस वारदात को अंजाम दिया गया.
वारदात की सूचना मिलते ही इसराना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया. गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंपा जाएगा. मंगलवार को मृतक कुलदीप उर्फ दीपा ही गोमुख से कावड़ लेकर आया था.
अनाज मंडी में मिला शव
बुधवार शाम करीब 7 बजे कुलदीप मोटरसाइकिल लेकर बाजार जाने तक की बात घर कह कर गया था. उसके बाद वह घर नहीं लौटा. बुधवार देर रात अचानक अनाज मंडी से गांव के ही कुछ युवक दौड़ते हुए घर की ओर आए और उन्होंने बताया कि कुलदीप मृत अवस्था मे अनाज मंडी में पड़ा है.
पुलिस ने शुरू की जांच
परिजनों के बयानों पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस की मानें तो जल्द ही आरोपी उनके गिरफ्त में होंगे. फिलहाल हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
