राजस्थान: काउंसिल के गठन की मांग पर फिजियोथेरेपिस्ट आज करेंगे विधानसभा का घेराव

जयपुर: प्रदेश भर के 21 हज़ार फिजियोथेरेपिस्ट सोमवार को राजस्थान विधानसभा का घेराव करने जा रहे हैं. फिजियोथेरेपिस्ट राजस्थान में स्वतंत्र फिजियोथैरेपी काउंसिल के गठन की मांग को लेकर सरकार से लगातार मांग कर रहे हैं. लेकिन सरकार द्वारा इस मसले पर कोई भी एक्शन नहीं लेने के कारण उन्होंने विधानसभा घेराव करने का निर्णय लिया है.
आपको बता दें कि राजस्थान में 2004 से फिजियोथैरेपी का कोर्स आरयूएचएस द्वारा संचालित हो रहा है. प्रदेश में एक सरकारी कॉलेज और 23 निजी कॉलेज इस कोर्सेज को अपने यहां करवा रहे है. जहां से सालाना करीब 2000 फिजीशियन निकलते हैं.
अन्य प्रदेशों में कराना पड़ता है पंजीकरण
प्रदेश में करीब 21000 फिजियोथैरेपिस्ट काम कर रहे हैं. लेकिन राजस्थान में स्वतंत्र फिजियोथैरेपी काउंसिल नहीं होने के कारण राजस्थान से बाहर के काउंसिल में उन्हें पंजीकरण करवाना पड़ता है. जिससे उन्हें कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है.
लगातार कर रहे आंदोलन
प्रदेश में काउंसिल के गठन की मांग को लेकर 2008 से 2013 तक फिजियोथेरेपिस्ट ने लगातार आंदोलन किया. लेकिन प्रदेश में काउंसिल का गठन नहीं किया गया. ऐसे में अब फिर से प्रदेश भर के फिजियोथैरेपिस्ट आंदोलन की राह पर उतर रहे हैं.
