UP में खौफनाक मर्डर मिस्ट्री: प्यार बना मौत की वजह, सामने आई साजिश की कहानी

बागपत-सहारनपुर दोहरा हत्याकांड: भाजपा नेता सुधारस चौहान गिरफ्तार, घर में छिपा था आरोपी

बागपत/सहारनपुर: पश्चिमी उत्तर प्रदेश को दहला देने वाले विक्रांत और राखी कश्यप दोहरे हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बागपत पुलिस ने शुक्रवार को मुख्य आरोपी और भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व नगर अध्यक्ष सुधारस चौहान को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी चौहान एन्क्लेव स्थित अपने आवास में छिपा हुआ था।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बड़ौत रोड स्थित उसके कार्यालय से हत्या में इस्तेमाल किया गया खून से सना 'दाव' (धारदार हथियार) बरामद कर लिया है। साथ ही साक्ष्य मिटाने की कोशिश में हटाए गए सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी जब्त कर ली गई है। इस मामले में उसका साथी कपिल चौहान पहले ही सलाखों के पीछे जा चुका है।

प्रेम प्रसंग से शुरू हुआ खूनी खेल

पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रयागराज के रहने वाले डूडा (DUDA) प्रबंधक विक्रांत और अर्जुनपुरम की राखी कश्यप के बीच प्रेम प्रसंग था। 15 अप्रैल की रात राखी के घर पर शादी की चर्चा के दौरान विवाद हो गया। आवेश में आकर राखी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से विक्रांत की जांघ में गोली मार दी। इसके बाद सुधारस और कपिल, घायल विक्रांत को सहारनपुर के बड़गांव ले गए, जहां पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी और शव नहर में फेंक दिया।

पकड़े जाने के डर से की राखी की हत्या

विक्रांत की गुमशुदगी के बाद जब पुलिस ने राखी से पूछताछ शुरू की, तो सुधारस घबरा गया। खुद को फंसता देख उसने 25 अप्रैल की रात कपिल के साथ मिलकर राखी की भी हत्या कर दी। वे राखी को सहारनपुर के रजापुर नौगांव स्थित एक फार्म हाउस पर ले गए और चाकू व दाव से उसका गला रेत दिया।

पुलिस को चकमा देकर घर में ही दुबका था आरोपी

हैरानी की बात यह है कि बागपत और सहारनपुर पुलिस की कई टीमें जिस आरोपी को गाजियाबाद और हरियाणा में तलाश रही थीं, वह शुक्रवार दोपहर अपने ही घर पहुंच गया। पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

  • कॉल डिटेल का खुलासा: पुलिस ने आरोपी के संपर्क में रहे 20 से ज्यादा करीबियों, जिनमें प्रॉपर्टी डीलर और स्थानीय दुकानदार शामिल हैं, से पूछताछ की है।

  • राजनीतिक पृष्ठभूमि: सुधारस 2020 में भाजपा युवा मोर्चा का नगर अध्यक्ष रहा है और 2021 में भाकियू (भानू) में भी सक्रिय भूमिका निभा चुका है।

  • अगली कार्रवाई: पुलिस शनिवार को आरोपी को कोर्ट में पेश करेगी। सहारनपुर पुलिस भी उसे रिमांड पर लेने की तैयारी में है।

Leave a Reply