नवदीप को आचार संहिता उल्लंघन के लिए चेतावनी

दुबई । आईसीसी ने टीम इंडिया के युवा तेज गेंदबाज नवदीप सैनी को गत शानिवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए पहले टी20 क्रिकेट मैच में आचार संहिता के उल्लंघन के लिए औपचारिक चेतावनी दी है। सैनी को लेवल-1 के नियम का दोषी पाया गया है।
नवदीप को अपने पहले ही मैच में आईसीसी के अनुच्छेद 2.5 के उल्लंघन का दोषी पाया है। इसमें खिलाडिय़ों, कोचिंग स्टाफ के खिलाफ ऐसी भाषा या संकेतों का प्रयोग करना, जो सामने वाले को आक्रामक बर्ताव के लिए उकसा सकता है शामिल है। इससे यह युवा गेंदबाज के खाते में एक नकारात्मक अंक भी दर्ज हो गया है। यह सैनी का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहला मैच था।
इस मैच में वेस्टइंडीज की पारी के चौथे ओवर के दौरान सैनी ने निकोलस पूरन का विकेट लिया और उन्हें गलत तरीके से विदाई दी। सैनी ने अपनी गलती को माना और मैच रैफरी जैफ क्रो द्वारा दी गई सजा को कबूल कर लिया इसी कारण कोई औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।

Leave a Reply