दक्षिण गुजरात में भारी बारिश से ज्यादातर नदियां उफान पर

अहमदाबाद | दक्षिण गुजरात में पिछले चार दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण ज्यादातर नदियां उफान पर हैं| डांग जिले के वघई के निकट खापरी, अंबिका इत्यादि नदियों में बाढ़ आ गई है| नदियों के तूफानी होने से कई जगह सड़कें और पुलिया पानी में डूब गई हैं, जिससे यातायात ठप हो गया है| भारी बारिश के चलते कई गांव द्वीप में तब्दील हो गए हैं और लोगों के घरों में पानी भर गया है| नवसारी में बरसाती पानी भरा होने से लोगों का बुरा हाल है| निचले इलाकों में 24 घंटों के बाद भी घुटनों तक पानी भरा हुआ है| बाढ में फंसे लोगों को बचाने के लिए वायुसेना की मदद ली जा रही है| बीती रात सूरत के लिंबायत निवासी दो युवक भारी बारिश के कारण पानी में बह गए थे| जिसमें एक युवक को बचा लिया गया है, जबकि दूसरे युवक की अब भी खोजबीन चल रही है| सूरत में भारी बारिश के कारण कीम नदीं में बाढ़ आ गई है| कीम नदी का पानी मांगरोल के कोसाडी और लुवारा में घुसने दोनों गांव द्वीप में तब्दील हो गए हैं| मांगरोल तहसील के 13 जितने गांव जलमग्न हो गए हैं| पानी में फंसे इन लोगों को दक्षिण पश्चिम एयर कमान्ड द्वारा रेस्क्यू किया जा रहा है| लुवारा गांव में 150 से ज्यादा लोग फंसे हैं, जिसमें 10 लोगों को हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू किया गया है| बाढ़ में फंसे लोगों को 2 हेलिकॉप्टर की मदद से रेस्क्यू किया जा रहा है| सूरत जिले में जहां देखो वहां पानी पानी ही नहीं नजर आ रहा है| महुवा के उमरा गांव स्थित मधर इंडिया डेम के ब्रिज पर से अंबिका नदी का पानी बह रहा है| अंबिका नदी के रौद्र रूप धारण करने पर मधर इंडिया डेम के ब्रिज को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है| सूरत जिले के ओलपाड में बरसाती आफत का आज तीसरी दिन था| पिछले 48 घंटों से मूशलाधार बारिश से कारण ओलपाड पानी पानी हो गया है| कई गांव अब भी पानी में डूबे हुए हैं| दो गांव को जोड़ते सभी मुख्य सड़कें पानी में डूब गई हैं| ओलपाड के मिर्जापुर, नघोई, कमरोली, मिंढी समेत 10 जितने गांव द्वीप में तब्दील हो गए हैं, जिससे हजारों लोग प्रभावित हैं| वडोली और उमलाछी गांवों का तीसरे दिन भी संपर्क विहीन रहा| बारिश के आंकडों पर नजर डालें तो पिछले कई घंटों में उमरपाड़ा में 26.5 ईंच, मांगरोल में 18 ईंच, ओलपाड में 16 ईंच, मांडवी में 11 ईंच, कामरेज में भी 11 ईंच बारिश हुई| महुवा, बारडोली, चौर्यासी, पलसाणा इत्यादि इलाकों में 5-5 ईंच बारिश हुई| सूरत में मेघ तांडव के बाद युद्धस्तर पर बचाव कार्य चल रहा है| ओलपाड के कठोदरा गांव में रेस्क्यू के लिए हेलिकोप्टर की मदद ली गई| कीम नदी में फंसे लोगों को हेलिकोप्टर की मदद से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया|
