नगर निगम की अतिक्रमण हटाओ मुहिम बे सिरपैर की

भोपाल । पिछले एक माह से शहर के मुख्य स्थल एम पी नगर से हटाई जा रही गुमठियों को अब नगर निगम प्रशासन ने रहवासी क्षेत्रों में लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। गजब तो यह है कि इन दुकानों को लगाने के लिए रेलवे की जमीन को चिन्हित कर लिया गया। आनन फानन में गुमठियां रखने के लिए मार्किंग भी कर दी गई। नगर निगम प्रशासन की इस कार्रवाई का जब लोगों ने विरोध किया तब नगर निगम के अमले ने कलेक्टर की अनुमति होने की धौंस देते हुए न सिर्फ काम जारी रखा बल्कि लोगों से भी बदसलूकी की। पूरे मामले की जानकारी रेलवे प्रशासन को दी गई। रेल प्रशासन की आपत्ति के बाद नगर निगम भले ही पीछे हट गया हो मगर उसकी अतिक्रमण हटाओ मुहिम सवालों के घेरे में आ गई है। एम पी नगर से गुमठियां हटाने के समय नगर निगम ने दावा किया था कि इस कार्रवाई से क्षेत्र का सौंदर्यीकरण होगा और अवैध वसूली पर रोक लगेगी।
यह है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को नगर निगम प्रशासन ने जोन 1 स्थित महाराणा प्रताप काम्पलेक्स के पास रेलवे लाइन के किनारे एम पी नगर से हटाई गई गुमठियों को बसाने चूने से मार्किंग करने पहुंचा। इस कार्रवाई के बाद जब स्थानीय लोगों का ध्यान उस तरफ गया तो पूछताछ शुरू हो गई। पता चला कि यह मार्किंग गुमठियां लगाने के लिए की गई है। जिस जगह मार्किंग की गई है वह रहवासी क्षेत्र के बीच में है और वहां इस तरह से गुमठियां लगाई ही नहीं जा सकती। मगर नगर निगम प्रशासन को यह नहीं दिखा। रविवार को सभी स्थानीय लोग एकजुट होकर नगर निगम से जवाब मांगने पहुंचे तो कहा गया कि उनके पास कलेक्टर की अनुमति है और गुमठियां तो यही लगेंगी। नगर निगम का यह जवाब लोगों को सही नहीं लगा तो उन्होंने रेल प्रशासन को पूरे मामले से अवगत कराया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद मौके पर पहुंचे रेलवे के एडीआरएम आर एस राजपूत ने भी नगर निगम की इस कार्रवाई पर आपत्ति जताई। उन्होंने आश्वासन दिया कि यह जगह रेलवे की है और उससे पूछे अनुमति लिये बिना नगर निगम किसी भी तरह का स्थाई या फिर अस्थाई निर्माण नहीं कर सकता।
एडीआरएम ने दिए निर्देश
मौके पर पहुंचे नगर निगम के अमले ने एडीआरएम के सामने भी कलेक्टर की अनुमति होने की बात तो की मगर अभी गुमठियां न बसाने की योजना के बारे में भी बताया। हालांकि जवाब से असंतुष्ट एडीआरएम ने मौके पर ही जमीन की नपती कराई और तत्काल बाउंड्रीवॉल बनाने तथा मौके पर आरपीएफ जवानों की तैनाती का भी आदेश मातहत कर्मचारियों को दिया।
कलेक्टर ने कहा नगर निगम को रेलवे की जमीन पर गुमठियां लगाने को नहीं कहा
कलेक्टर तरुण पिथोड़े से जब एक्सप्रेस न्यूज ने इस मामले पर बात की तो उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्या को देखते हुए नगर निगम प्रशासन को उन्हें कहीं स्थापित करने को कहा तो गया है मगर रेलवे की जमीन पर गुमठियां लगाने की कोई अनुमति नहीं है। नगर निगम उस जगह पर कैसे पहुंचा इसकी पूरी तहकीकात की जाएगी।
