जबसे ये सरकार आई है सिर्फ मनमानी कर रही है: अबू आज़मी

समाजवादी पार्टी के महाराष्ट्र अध्यक्ष अबू आज़मी ने कहा है कि बीजेपी सरकार जब से आई है तब से वो सिर्फ मनमानी कर रही है. जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 और 35A हटाए जाने का विरोध करते हुए अबू आज़मी ने कहा कि देश को बांटने की कोशिश चल रही है. हम बीजेपी सरकार के इन प्रस्ताव की हम निंदा करते हैं. अबू आज़मी ने कहा कि स्थानीय नेताओं को नजरबंद करना ठीक नहीं है. यह ईवीएम की सरकार है.
क्या हुआ आज
गौरतलब है कि गृहमंत्री अमित शाह ने आज राज्यसभा में जम्मू-कश्मीर को लेकर सरकार का संकल्प पत्र पेश किया. शाह ने कहा कि कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने वाले आर्टिकल 370 में बड़ा बदलाव किया है. अब सिर्फ आर्टिकल 370 का खंड A लागू रहेगा. बाकी खंड तुरंत प्रभाव से खत्म कर दिए गए हैं. गृहमंत्री ने इसके साथ ही आर्टिकल 35A भी हटाए जाने का ऐलान किया. शाह ने कश्मीर के पुनर्गठन प्रस्ताव भी पेश किया है. अब जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश होगा, जबकि लद्दाख को भी अलग कर केंद्रीय शासित प्रदेश बनाया गया है.
कांग्रेस का आरोप-सरकार ने देश का सिर काटा
जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने और राज्य को दो केंद्रशासित प्रदेशों में विभाजित करने के केंद्र सरकार के कदम की कांग्रेस ने आलोचना की है. राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि बीजेपी की सरकार ने देश का सिर काट लिया है और यह भारत के साथ गद्दारी है. गुलाम नबी आजाद ने यह भी कहा कि सरकार ने चीन और पाकिस्तान की सीमा से लगे संवेदनशील राज्य के साथ खिलवाड़ किया है, जिसका उनकी पार्टी और दूसरे विपक्षी दल पुरजोर विरोध करेंगे.
