ट्रक छोड़कर भागे गोतस्कर, मिले 12 मृत और 22 अचेत गोवंश

अलवर: राजस्थान के अलवर में मंगलावर रात को पुलिस ने गोवंश से भरा ट्रक जब्त किया है. ट्रक में 34 गोवंश बरामद हुए जिनमें से 12 मर चुके हैं और 22 गोवंश अचेत हालत में मिले हैं. अचेत गोवंशों की हालत गंभीर बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक गोवंशों से भरे इस ट्रक को गोतस्कर अलवर के रास्ते हरियाणा ले जा रहे थे लेकिन उनके अलवर पहुंचने से पहले ही पुलिस को गोवंशों से भरे एक ट्रक के आने की सूचना मिल गई थी. जिसके चलते पुलिस ने अलवर के बानसूर में नाकाबंदी कर दी थी.

गोतस्कर करीब 3 बजे क्षेत्र में पहुंचे लेकिन नाकाबंदी में फंस गए. हालांकि, इस बीच गोतस्कर अपनी जान बचा कर भागने में कामयाब रहे लेकिन पुलिस ने गोवंशों से भरे हुए ट्रक को जब्त कर लिया. जिसमें पुलिस को 12 मृत गोवंश और 22 गोवंश अचेत स्थिति में मिले. जिसके बाद पुलिस ने गोतस्करों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है. 

गौरतलब है कि अलवर गोतस्करों का अड्डा बन चुका है. इसी रास्ते से गोतस्कर गायों को लेकर हरियाणा और यूपी लेकर जाते हैं. गोतस्कर अब बेखौफ हथियारों के साथ निकलते हैं और नाकेबंदी के दौरान गोलियां चलाने से भी नहीं चूकते. पिछले हफ्ते ही कठूमर क्षेत्र में गोतस्करों द्वारा गोली चलाए जाने से एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया था. इस मामले में आईजी ने भी अलवर का दौरा किया था. 
 

Leave a Reply