कल्याण में भीड़ ने झारखंड के युवक को बेरहमी से पीटा, मौत

मुम्बई । महाराष्ट्र के कल्याण में चोर समझकर लोगों ने एक शख्स की बुरी तरह पिटाई कर दी, जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई। गुस्साई भीड़ ने कल्याण स्टेशन के बाहर बाजार में उसके साथ जमकर मारपीट की। मृतक का नाम जोंगल लोहरा है। 47 वर्षीय जोंगोल झारखंड का रहनेवाला है। उसके साथ मारपीट की यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। 
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने अब तक 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। महात्मा फुले पुलिस स्टेशन के अधिकारी अनुसार, कल्याण स्टेशन के बाहर स्थित बाजार में एक व्यक्ति की लाश मिली है। मृतक के हाथ पैर बंधे हुए थे। उसके जेब में आधार कार्ड मिला, जिससे उसकी पहचान हुई।
अधिकारी ने बताया कि आधार कार्ड से पता चलता है कि जोंगोल लोहरा झारखंड का रहनेवाला था। साथ ही उन्होंने बताया कि बाजार में वह एक महिला से टकरा गया। महिला को लगा कि वह चोर है। वह जोर से चिल्लाने लगी। इसके बाद भीड़ ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज देखने से पता चलता है कि तीन लोगों ने उसके हाथ और पैर बांध दिए। इसके बाद लोगों ने उसकी जम कर पिटाई की। लगातार की जाने वाली पिटाई से जोंगोल बेहोश हो गया, तो लोग वहां से निकल गए। पुलिस जब तक घटनास्थल पर पहुंची तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल में भेजा गया है। साथ ही उसके परिजनों को भी इस घटना की सूचना दी गई है। जैसे ही परिजन कल्याण आएंगे, उन्हें शव सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने इस मामले अब तक कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। 

Leave a Reply