विदेश मंत्रालय में प्रतिनियुक्ति पर 60 अनुभाग अधिकारी के पदों पर भर्ती निकली

सरकारी नौकरी में कार्यरत उन युवाओं और अधिकारियों के लिए एक शानदार अवसर सामने आया है, जो करियर में नई दिशा तलाश रहे हैं। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने अपने 20 क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालयों (आरपीओ) में अनुभाग अधिकारी (सेक्शन ऑफिसर) या समकक्ष के 60 पदों पर प्रतिनियुक्ति के आधार पर नियुक्ति के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। यह भर्ती शुरू में दो साल के लिए होगी, जिसे मौजूदा नियमों के अनुसार आगे बढ़ाया जा सकता है।
इन रिक्तियों के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 17 जुलाई, 2024 तय की गई है। ऐसे में पात्र और इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना आवेदन जमा करें। इन पदों पर आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का केंद्र सरकार के किसी भी मंत्रालय, विभाग या कार्यालय में कार्यरत होना अनिवार्य है। वे उम्मीदवार जो वेतन मैट्रिक्स के स्तर 8/10 में समान पदों पर नियमित रूप से कार्यरत अधिकारी हैं, इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।आवश्यक योग्यता के तौर पर, अधिकारियों के पास उत्कृष्ट प्रबंधकीय और पारस्परिक कौशल होना चाहिए, जो उन्हें अन्य संगठनों, मंत्रालयों और विभागों के साथ प्रभावी ढंग से संपर्क स्थापित करने में सक्षम बनाता हो। इसके साथ ही, अच्छी नोटिंग और ड्राफ्टिंग कौशल के साथ-साथ मजबूत संचार क्षमता भी अपेक्षित है। उम्मीदवारों को भारत सरकार के मंत्रालयों, विभागों, संबद्ध या अधीनस्थ कार्यालयों में अनुभाग अधिकारी या समकक्ष पद पर कार्य करने का अनुभव होना चाहिए। विशेष रूप से प्रशासन एवं स्थापना, नीति, अदालती मामलों, सूचना एवं सूचना के अधिकार, वित्त एवं लेखा, लेखापरीक्षा और लोक व्यवहार से संबंधित मामलों को संभालने का पूर्व अनुभव भी मांगा गया है।आवेदकों की अधिकतम आयु 56 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 1 जनवरी, 2024 के आधार पर की जाएगी। पद पर चयनित उम्मीदवारों को वेतन मैट्रिक्स का स्तर 8/10 (सातवें सीपीसी के अनुसार) प्रति माह वेतन मिलेगा, साथ ही अन्य सरकारी लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।आवेदन करने के लिए इच्छुक उम्मीदवार सबसे पहले विदेश मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर संबंधित पद के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। अधिसूचना में दिए गए आवेदन पत्र को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फॉर्म में मांगी गई सभी आवश्यक जानकारी सावधानीपूर्वक दर्ज करें और सभी संबंधित दस्तावेजों की प्रतियां आवेदन के साथ संलग्न करें। अंत में, भरे हुए आवेदन पत्र और संलग्न दस्तावेजों को एक लिफाफे में डालकर उसे प्रशासनिक अधिकारी (कैडर), पीएसपी डिवीजन, विदेश मंत्रालय, कमरा नंबर 26, पटियाला हाउस, नई दिल्ली के पते पर स्पीड पोस्ट या पंजीकृत डाक के माध्यम से भेज दें।

Leave a Reply