भीनमाल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध कारतूस और ₹10 लाख कैश बरामद

भीनमाल | जालौर जिले के भीनमाल में एक युवक पर गाड़ी चढ़ाकर जानलेवा हमला करने के बहुचर्चित मामले में पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। वारदात के मुख्य आरोपी और हिस्ट्रीशीटर भजनलाल विश्नोई के पुनासा स्थित आवास पर छापेमारी कर पुलिस ने 10 लाख 16 हजार रुपये की नकदी और 6 अवैध कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी के भाई को दबोच लिया है, जिससे सघन पूछताछ की जा रही है, जबकि मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
गुप्त सूचना पर पुलिस की दबिश, भाई गिरफ्तार
मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए भीनमाल थानाधिकारी राजेंद्र सिंह राजपुरोहित ने बताया कि 22 मई को हुए इस जानलेवा हमले के बाद से ही पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं। इसी दौरान पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि आरोपी पक्ष के कुछ लोग पुनासा स्थित अपने पैतृक घर पर छिपकर आ-जा रहे हैं। इस इनपुट के आधार पर पुलिस बल ने शुक्रवार को पुनासा गांव में हिस्ट्रीशीटर भजनलाल विश्नोई के घर पर अचानक घेराबंदी कर दबिश दी।
घर से लाखों की अवैध नकदी और कारतूस बरामद
सघन तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने मौके पर मौजूद आरोपी के भाई हनुमानाराम विश्नोई (32) पुत्र केसाराम विश्नोई को हिरासत में लिया। उसकी निशानदेही पर घर के भीतर छिपाकर रखे गए 6 अवैध कारतूस और 10 लाख 16 हजार रुपये कैश बरामद किए गए। इतनी बड़ी रकम के स्रोत को लेकर आरोपी कोई वैध दस्तावेज या स्पष्ट जवाब नहीं दे सका। शुरुआती जांच में पुलिस को अंदेशा है कि यह पूरी रकम किसी अवैध कारोबार या अपराध से जुड़ी हो सकती है। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत नकदी और कारतूस को जब्त कर हनुमानाराम को गिरफ्तार कर लिया है।
स्कॉर्पियो से कुचलने का वीडियो हुआ था वायरल
उल्लेखनीय है कि बीते 22 मई को भीनमाल कस्बे में हिस्ट्रीशीटर भजनलाल विश्नोई और उसके गुर्गों ने आपसी रंजिश के चलते कृष्ण देवासी नाम के युवक पर स्कॉर्पियो और पिकअप ट्रोला चढ़ाकर उसे बेरहमी से कुचलने का प्रयास किया था। गाड़ी से टक्कर मारने के बाद आरोपियों ने युवक के साथ सरेराह लाठी-डंडों से गंभीर मारपीट भी की थी। इस खौफनाक वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे राजस्थान में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठे थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य साजिशकर्ता सहित 12 नामजद आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी सलाखों के पीछे होंगे।
