सांगली में भीषण बाढ़, 30 लोगों से भरी बोट पलटी, 14 की गई जान

सांगली । महाराष्ट्र में भारी बारिश के कहर के चलते बाढ़ की आपदा ने घेर लिया है। जहां मुंबई में रुक-रुककर बारिश हो रही है वहीं दूसरी तरफ पुणे, नासिक और सांगली जैसे जिले भीषण बाढ़ का सामना कर रहे हैं। एनडीआरएफ की टीमें लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। अब खबर आ रही है कि सांगली के पलूस तालुका में 30 लोगों से भरी बोट पलट गई। हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक, 9 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, सांगली के पलूस में ब्रह्मनाल इलाके में लोगों को ले जा रही बोट पलटने से यह हादसा हुआ। बोट में 30 लोग सवार थे। जिनमें से 19 लोगों को बचा लिया गया जबकि 11 लोगों की डूबने से मौत हो गई। फिलहाल, 9 शव बरामद किए गए हैं। इनमें 4 महिलाएं, 3 पुरुष और 2 बच्चे शामिल हैं। बाकी दो लोगों की तलाश जारी है।
उधर, सांगली जेल में भी घुस गया। बाढ़ के पानी से जेल में बंद कुल 360 कैदी परेशान हो गए। जेल में लगभग चार से पांच फीट तक पानी भर गया. ऐसे में कैदियों को बचाने के लिए जेल प्रशासन ने नाव बुलाया और उन्हें सुरक्षित जगह पर ले जाने की कवायद शुरू कर दी। सांगली जेल और उसके आसपास लगभग 4 से 5 फीट तक पानी भरा है. यहां कुल 360 कैदी बंद थे। उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाने के लिए जिला प्रशासन से नाव मंगवायी गई। इसी क्रम में मौके का फायदा उठाकर दो कैदी भागने की कोशिश करने लगे. सुरक्षित स्थान पर ले जाने के क्रम में भागने की कोशिश करने वाले कैदियों में से एक को तो जेल प्रशासन ने तुरंत पकड़ लिया, लेकिन दूसरा तत्काल भागने में सफल रहा। फरार कैदी आसपास ही कहीं छिपा था। पुलिस और जेल प्रशासन आसपास के इलाकों में कमर भर पानी के बीच कैदी को ढूंढने लगे। लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद दूसरा कैदी भी पकड़ा गया।
