कासगंज: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया गंगावन में पौधारोपण अभियान का शुभारंभ

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शुक्रवार को कासगंज जिले के गंगावन में पौधा लगाकर पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया। गंगावन में एक लाख एक हजार पौधे रोपे जाएंगे, जबकि जिलेभर में 15.68 लाख पौधे रोपित किए जाएंगे।
राज्यपाल का हेलीकॉप्टर करीब 11 बजे चंदनपुर घटियाली में बनाए गए हेलीपैड पर उतरा। यहां से वो कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं, जहां उनका स्वागत और सम्मान किया गया। इसके बाद आनंदीबेन पटेल ने पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया।
इस अभियान के तहत गंगावन के 65 हेक्टेयर क्षेत्रफल में एक लाख एक हजार पौध रोपित होंगे, जिसमें औषधीय, फलदार वृक्ष होंगे। अलग-अलग उपवन बनाए जा रहे हैं जिसमें सहजन उपवन, गांधी उपवन, हरि वाटिका सहित अन्य उपवन बनाए गए हैं।
