श्रीलंका के इंटरनेशनल ट्रेड मिनिस्टर की मुख्यमंत्री से मुलाकात

अहमदाबाद | मुख्यमंत्री विजय रूपाणी से श्रीलंका के डवलपमेंट स्ट्रेटेजी और इंटरनेशनल ट्रेड मिनिस्टर मलिक समरविक्रमा और हाईकमिश्नर श्री ऑस्टीन फर्नांडो ने गांधीनगर में मुलाकात की।
मुख्यमंत्री के साथ उन्होंने श्रीलंका में टूरिज्म डवलपमेंट के क्षेत्रों में गुजरात की सहभागिता पर विचार- विमर्श किया। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि गत वर्षों में 4 लाख जितने पर्यटक भारत और गुजरात से श्रीलंका घूमने आए हैं। पर्यटन प्रवृत्ति को इससे बल मिला है। श्रीलंकन एयरलाइंस द्वारा पर्यटकों को आकर्षित करने वाले विभिन्न पैकेज्स और डिस्काउंट योजनाओं की जानकारियां भी उन्होंने दी।
विजय रूपाणी ने भी गुजरात के टूरिज्म पोटेंशियल और डवलपमेंट की भूमिका पेश की। उन्होंने कहा कि ज्यादा प्रमाण में पर्यटकों को श्रीलंका प्रवास के लिए आकर्षित करने के लिए श्रीलंकन एयरलाइंस को अहमदाबाद से श्रीलंका की सीधी फ्लाइट सेवा शुरु करने की दिशा में विचार करना चाहिए।
श्रीलंकन मंत्री ने आगामी अक्टूबर में श्रीलंका में आयोजित होने वाले जेम्स एंड ज्वैलरी एक्जीबिशन में सूरत- दक्षिण गुजरात चैम्बर ऑफ कॉमर्स तथा डायमंड एसोसियेशन के सहभागी होने की इच्छा जतायी। उन्होंने मुख्यमंत्री रूपाणी को श्रीलंका आने का आमंत्रण दिया।
इस आधिकारिक मुलाकात के दौरान मुख्य सचिव डॉ. जे.एन.सिंह, मुख्यमंत्री के मुख्य अग्र सचिव के. कैलाशनाथन, मुख्यमंत्री के अग्र सचिव एमके. दास उपस्थित थे।
