बाढ़ से प्रभावित 1.32 लाख लोगों ने ली सुरक्षित स्थानों पर शरण

पुणे । पश्चिमी महाराष्ट्र में कोल्हापुर और सांगली जिलों में बारिश की वजह से बाढ़ की भयावह स्थिति बन गई है। ऐसे में इससे प्रभावित 1.32 लाख से अधिक लोगों ने सुरक्षित स्थानों पर शरण ले ली है। जानकारी के अनुसार बीते सात दिनों में हरे रही बारिश और बाढ़ से संबंधित विभिन्न घटनाओं में 16 लोगों की जानें जा चुकी है। इस संबंध में पुणे के प्रखण्ड आयुक्त डॉक्टर दीपक महाइसेकर ने बताया कि, ’’ पुणे क्षेत्र विशेषकर पुणे, सातारा, सोलापुर, सांगली और कोल्हापुर जिलों में बाढ़ से अभी तक कुल 1.32 लाख लोग प्रभावित हुए हैं, जिन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि सांगली और कोल्हापुर जिलों से क्रमश: 53,000 और 51,000 लोगों को बाहर निकाला गया है। बता दें कि दोनों जिलों में सेना, नौसेना और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) द्वारा बचाव अभियान चलाए रहे हैं। ताजा खबर के अनुसार बुधवार शाम तक एनडीआरएफ की छह और टीम कोल्हापुर जाएगी।’’ महाइसेकर ने बताया कि सभी क्षेत्रों की बांधों में जरूरत से अधिक पानी है। साथ ही मौसम विभाग ने अगले चार दिन में लगातार बारिश होने की आशंका जताई है। ऐसे में यदि संबंधित बांध क्षेत्रों में ज्यादा बारिश होती है तो अधिक बाढ़ से इनकार नहीं किया जा सकता। इस संबंध में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई में एक बैठक कर बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जल संसाधन विभाग को बांधों से जल छोड़े जाने और अन्य परियोजनाओं के बारे में रेलवे के साथ रोजाना जानकारी साझा करने के निर्देश दिए है। कोल्हापुर और सांगली जिलों में स्कूलों और कॉलेजों में बुधवार को छुट्टियों की घोषणा कर दी गई।

Leave a Reply