जमानत के बाद पहली बार बोलीं सोनम रघुवंशी, कहा- ‘मैं शिलांग में हूं, नेपाल नहीं गई’

राजा रघुवंशी हत्याकांड की आरोपी सोनम रघुवंशी जमानत मिलने के बाद कोर्ट से बाहर है। उन्होंने ईस्ट मोजो को दिए साक्षात्कार में कहा कि, "मैं शिलांग में हूं। मेरे बारे में अफवाह फैलाई जा रही है कि मैं नेपाल चली गई। जिन शर्तों पर मुझे जमानत मिली है, उनका मैंने पूरा पालन किया है। केस खत्म होने तक मैं इंदौर भी नहीं आऊंगी।"सोनम ने कहा कि वह शिलांग में कहां रुकी हुई हैं, इसका खुलासा वह सुरक्षा कारणों से नहीं करेंगी। खुद पर लगे हत्या के आरोप को लेकर उन्होंने कहा, "अभी इस केस का ट्रायल चल रहा है। इस बारे में कोई टिप्पणी करना मेरे लिए उचित नहीं होगा।"
सोनम ने कहा कि उनका खर्च कैसे चल रहा है, इस बारे में भी वह कोई खुलासा नहीं करेंगी। यह उनका निजी मामला है। दरअसल, राजा रघुवंशी के भाई विपिन ने आरोप लगाया था कि सोनम संभवतः नेपाल भाग गई है। उनके वकील भी नेपाल के हैं। उन्होंने इसमें मदद की है। इसके बाद सोनम सोमवार को मीडिया के सामने आईं और अपनी बात रखी।जमानत मिलने के बाद सोनम जेल से बाहर हैं और उनकी जमानत रद्द करने के लिए भी कोर्ट में याचिका लगाई गई है। जिस पर सुनवाई पूरी हो चुकी है, लेकिन कोर्ट ने अभी कोई फैसला नहीं दिया है। सरकार की तरफ से कोर्ट के समक्ष सोनम को मिली जमानत का विरोध करते हुए तर्क रखा गया है कि इस हत्याकांड में सोनम मुख्य आरोपी हैं। योजना बनाने से लेकर वह मौके पर मौजूद थीं। वह अपना अपराध कबूल भी कर चुकी हैं। सिर्फ प्रकरण दर्ज करते समय हुई टाइपिंग की गलती की वजह से उन्हें जमानत नहीं दी जा सकती। उधर, राजा के भाई विपिन का कहना है कि यह हत्याकांड देशभर में चर्चित रहा है और तीन राज्यों की पुलिस इससे जुड़ी है, इसलिए इसकी सीबीआई जांच भी होनी चाहिए। इस मामले में सोनम सहित तीन आरोपियों को जमानत मिल चुकी है। ऐसा नहीं होना चाहिए था।
