सरकार आदिवासियों को योजनाओं का लाभ दिलाने प्रतिबद्ध : मंत्री शर्मा

जनसम्पर्क मंत्री एवं होशंगाबाद जिले के प्रभारी मंत्री श्री पी.सी. शर्मा ने कहा कि सरकार आदिवासियों को उनके लिये संचालित सभी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिये प्रतिबद्ध है। इसके लिये आदिवासी बहुल क्षेत्रों के विकास पर फोकस किया जायेगा।

श्री शर्मा अपने प्रभार के जिले होशंगाबाद में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि आदिवासियों के प्रकृति के प्रति समर्पण के चलते ही जंगलों में शेर सुरक्षित बच सके हैं। मध्यप्रदेश को टाईगर स्टेट के रूप में मिली पहचान के लिये प्रदेश के आदिवासी श्रेय के हकदार हैं। जनसम्पर्क मंत्री ने अपेक्षा की कि अधिकारी, आदिवासियों के लिये खास तौर पर संचालित योजनाओं का लाभ उन तक पहुँचाने के लिये तत्परता से काम करेंगे।

जनसम्पर्क मंत्री श्री शर्मा ने केसला में भी 'विश्व आदिवासी दिवस' के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भागीदारी की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशानुसार आदिवासी समुदाय को वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिये 16 अगस्त से 15 सितम्बर तक केसला की 49 ग्राम पंचायतों में बैंकर्स और अधिकारियों द्वारा‍शिविर लगाकर वित्तीय सुविधाएँ प्रदान की जायेंगी। श्री शर्मा ने आदिवासी समुदाय को शुभकामनाएँ भी दीं।
 

Leave a Reply