अंश गायब मामले में पुलिस को मिला सुराग, पंजाब जाने वाली ट्रेन में दिखा

भोपाल। राजधानी भोपाल के बाजपेयी नगर इलाके से मंगलवार (16 जून) को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए 6 वर्षीय मासूम अंश मैना के मामले में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। लगातार छानबीन में जुटी पुलिस टीम को बच्चे का एक बड़ा सुराग मिला है, जिससे उसकी तलाश और तेज कर दी गई है। लापता मासूम को रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन में सवार होते हुए देखा गया है।
मासूम अंश के अचानक गायब होने के बाद से ही उसका परिवार गहरे सदमे में है, वहीं पुलिस की कई टीमें उसकी सुरक्षित वापसी के लिए दिन-रात एक किए हुए हैं।
पातालकोट एक्सप्रेस में बैठता नजर आया मासूम अंश
पुलिस द्वारा रेलवे स्टेशन और आस-पास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर यह बात सामने आई है कि लापता अंश एक ट्रेन में बैठता हुआ दिखाई दे रहा है। जांच में पता चला है कि वह जिस ट्रेन में सवार हुआ, वह पंजाब की ओर जाने वाली पातालकोट एक्सप्रेस है। इस अहम सुराग के मिलते ही भोपाल पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए 10 से 12 विशेष टीमों को अंश की तलाश में रवाना कर दिया है। ये टीमें पातालकोट एक्सप्रेस के रूट पर पड़ने वाले सभी रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं और हर स्टॉपेज पर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है ताकि बच्चे की सटीक लोकेशन का पता लगाया जा सके।
अस्पताल में भर्ती है मां, गलत हाथों में जाने की आशंका से पुलिस अलर्ट
इस संवेदनशील मामले में पुलिस को सबसे बड़ी चिंता इस बात की है कि अकेला मासूम कहीं किसी गलत हाथों या किसी गिरोह के चंगुल में न फंस जाए। बताया जा रहा है कि अंश अपने परिवार के साथ बाजपेयी नगर की एक बहुमंजिला रिहायशी इमारत में रहता है। बच्चे की मां इस समय गंभीर रूप से बीमार हैं और अस्पताल में उपचाराधीन हैं। घटना वाले दिन अंश अपने घर के बाहर खेल रहा था, तभी वह अचानक रहस्यमयी ढंग से गायब हो गया, जिसके बाद परिजनों ने तुरंत थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
मानसिक रूप से अस्वस्थ संदिग्ध हिरासत में, प्रशासन ने घोषित किया 10 हजार का इनाम
परिजनों की शिकायत के बाद जब पुलिस ने घटना स्थल के पास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की, तो वीडियो रिकॉर्डिंग में एक अज्ञात शख्स बच्चे के साथ घूमता हुआ नजर आया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उस संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है। हालांकि, शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि पकड़ा गया व्यक्ति मानसिक रूप से अस्वस्थ है, जिसके कारण वह लापता बच्चे के संबंध में पुलिस को कोई साफ और स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहा है।
मामले की गंभीरता और बच्चे की सुरक्षा को देखते हुए जिला व पुलिस प्रशासन ने इस केस में इनामी घोषणा भी की है। प्रशासन के अनुसार, जो भी व्यक्ति इस लापता बच्चे (अंश) के बारे में कोई भी सटीक जानकारी या सुराग पुलिस को देगा, उसे 10 हजार रुपये की नकद इनाम राशि से पुरस्कृत किया जाएगा।
