नीट (यूजी) पुनः परीक्षा का जिला कलेक्टर संदेश नायक साहित प्रशासन एवम् पुलिस के अधिकारी दिन भर करते रहे मॉनिटरिंग

जयपुर। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) की पुनः परीक्षा का आयोजन जयपुर जिले में पूरी तरह से शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। जिला प्रशासन और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के आपसी तालमेल के चलते परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर पुख्ता इंतजाम देखने को मिले।

अधिकारियों द्वारा परीक्षा केंद्रों का सघन निरीक्षण

परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए जिला कलेक्टर संदेश नायक और प्रशासनिक अधिकारियों ने खुद मोर्चे पर रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल, शहीद अभय कुमार पारीक सीनियर सेकेंडरी स्कूल सहित केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1, 3, 4, पोद्दार स्कूल, माहेश्वरी पब्लिक स्कूल और आदर्श स्कूल सिंधी कॉलोनी जैसे प्रमुख केंद्रों की कड़ी निगरानी की गई। परीक्षा के नोडल प्रशासनिक अधिकारी और अतिरिक्त जिला कलेक्टर नरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि कुल 15 परीक्षा केंद्रों का सघन निरीक्षण किया गया, जबकि 24 मोबाइल ड्यूटी मजिस्ट्रेट्स ने पुलिस, एनटीए और चिकित्सा शिक्षा टीम के साथ मिलकर लगातार पेट्रोलिंग की।

91.66 प्रतिशत दर्ज की गई अभ्यर्थियों की उपस्थिति

जयपुर जिले में इस परीक्षा के लिए कुल 37,128 अभ्यर्थी पंजीकृत (रजिस्टर्ड) थे। इनमें से 34,031 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होने के लिए केंद्रों पर उपस्थित रहे, जबकि 3,097 अभ्यर्थी अनुपस्थित पाए गए। इस प्रकार जयपुर जिले में परीक्षा का कुल उपस्थिति प्रतिशत 91.66 प्रतिशत दर्ज किया गया।

समयबद्ध आयोजन और परीक्षार्थियों के लिए बुनियादी सुविधाएं

सभी केंद्रों पर परीक्षा पूरी तरह तय समय पर शुरू हुई और समय पर ही संपन्न कराई गई। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए परीक्षा केंद्रों के बाहर और आसपास सुरक्षा, सुचारू यातायात, पेयजल और निर्बाध विद्युत (बिजली) आपूर्ति जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से ही सुनिश्चित कर ली गई थीं, जिससे दूर-दराज से आए छात्रों और उनके अभिभावकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।

Leave a Reply