बापू को श्रद्धांजलि से जनसंवाद तक, तीन दिवसीय यात्रा का पूरा कार्यक्रम

विक्टोरिया/नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने तीन दिवसीय सेशेल्स दौरे के अंतिम दिन वहां रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात कर दोनों देशों के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रिश्तों को एक नई ऊर्जा दी। राजधानी विक्टोरिया में प्रवासी भारतीयों से संवाद करने और उनके योगदान की सराहना करने के बाद प्रधानमंत्री स्वदेश के लिए रवाना हो गए। इस ऐतिहासिक यात्रा के दौरान भारत और सेशेल्स के बीच रक्षा, डिजिटल पेमेंट, स्वास्थ्य, ऊर्जा और ब्लू इकोनॉमी जैसे 19 अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग की नई इबारत लिखी गई।

सांस्कृतिक जुड़ाव और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि

दौरे के आखिरी दिन प्रधानमंत्री मोदी ने विक्टोरिया स्थित प्रसिद्ध अरुल मिहु नवशक्ति विनायकर मंदिर का रुख किया, जहां उन्होंने भगवान गणेश की विशेष पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने विक्टोरिया के पीस पार्क का दौरा कर वहां स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर इस यात्रा को बेहद सफल बताते हुए कहा कि इसके सकारात्मक परिणाम दोनों देशों को भविष्य के नए क्षेत्रों में साथ मिलकर काम करने का अवसर देंगे।

हिंद महासागर में समुद्री सुरक्षा और रक्षा सहयोग मजबूत

भारत की 'हिंद महासागर नीति' के लिहाज से इस दौरे को गेम-चेंजर माना जा रहा है। रणनीतिक साझेदारी को बढ़ाते हुए भारत ने सेशेल्स को एक 'फास्ट पेट्रोल वेसल' (तेजी से गश्त करने वाला जहाज) उपहार में दिया। इसके साथ ही सेशेल्स डिफेंस फोर्स की ताकत बढ़ाने के लिए 10 यूटिलिटी वाहन और लेजर रेडियल क्लास बोट्स के पांच सेट भी सौंपे गए। भारत ने सेशेल्स कोस्ट गार्ड के जहाज 'पीएस जोरोस्टर' की मरम्मत का काम पूरा कर लिया है और वहां के डोर्नियर विमान को आधुनिक ग्लास कॉकपिट से लैस करने की प्रक्रिया भी गति पकड़ रही है।

सेशेल्स में भी चलेगा भारत का डिजिटल डंका, लागू होगा यूपीआई

भारत के डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर (DPI) को अब वैश्विक स्तर पर एक और बड़ी कामयाबी मिली है। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) और सेंट्रल बैंक ऑफ सेशेल्स के बीच हुए एक ऐतिहासिक समझौते के तहत अब सेशेल्स में भी भारत की यूपीआई (UPI) आधारित डिजिटल भुगतान प्रणाली शुरू की जाएगी। इस कदम से दोनों देशों के बीच व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे आम नागरिकों और सैलानियों के लिए पैसों का लेन-देन बेहद सुगम हो जाएगा।

स्वास्थ्य और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगात

चिकित्सा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाते हुए भारत ने सेशेल्स को छह आधुनिक एम्बुलेंस सौंपी हैं और वहां 'नए सेशेल्स नेशनल हॉस्पिटल' के निर्माण को लेकर प्रारंभिक समझौता किया है। इसके अलावा भारत की लोकप्रिय 'जन औषधि योजना' का विस्तार अब सेशेल्स में भी होगा, जिससे वहां के नागरिकों को सस्ती और उच्च गुणवत्ता वाली भारतीय दवाएं मिल सकेंगी। स्थानीय युवाओं के कौशल विकास के लिए 'प्रोफेशनल और टेक्निकल एजुकेशन सेंटर' की आधारशिला भी एक वर्चुअल समारोह के जरिए रखी गई।

अंतरिक्ष, कृषि और विकास परियोजनाओं के लिए साझा कार्ययोजना

दोनों देशों ने कृषि अनुसंधान और शिक्षा के क्षेत्र में वर्ष 2026 से 2031 तक की पंचवर्षीय कार्य योजना पर मुहर लगाई है। इसके साथ ही अंतरिक्ष के शांतिपूर्ण उपयोग को लेकर भी सहमति बनी है, जिससे भारतीय सैटेलाइट तकनीक का लाभ सेशेल्स को मिल सकेगा। सेशेल्स अब 'कोएलिशन फॉर डिजास्टर रेजिलिएंट इंफ्रास्ट्रक्चर' (CDRI) का सदस्य बन गया है, जो जलवायु परिवर्तन और आपदा प्रबंधन में मददगार होगा।

सुरक्षा के मोर्चे पर दोनों देशों ने एक प्रत्यर्पण संधि पर हस्ताक्षर किए हैं, जो अंतरराष्ट्रीय अपराधों पर लगाम कसेगी। इसके अलावा, भारत ने मित्रता की मिसाल पेश करते हुए सेशेल्स को 500 मीट्रिक टन चावल और 8,500 मीट्रिक टन सीमेंट की मदद दी है। साथ ही, सेशेल्स में सतत विकास कार्यों को गति देने के लिए वहां की सरकार और एक्जिम बैंक ऑफ इंडिया के बीच एक 'अम्ब्रेला लाइन ऑफ क्रेडिट' समझौता भी संपन्न हुआ है।

Leave a Reply