दहेज हत्या में 10 साल जेल काट चुका आरोपी, अब छोटे भाई की पत्नी की हत्या का आरोप

मिर्जापुर। मिर्जापुर के लालगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तेंदुहनी बेलहा गांव में रविवार की देर शाम एक घरेलू कलह ने बेहद खूनी मोड़ ले लिया। यहाँ अपनी पहली पत्नी की दहेज हत्या के जुर्म में जेल की सजा काट कर लौटे एक व्यक्ति ने अपने ही छोटे भाई की पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और फरार हत्यारोपी की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, तेंदुहनी बेलहा गांव की रहने वाली 26 वर्षीय संगीता (पत्नी ननकू) रविवार शाम को अपने घर पर थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके जेठ छोटेलाल उर्फ कलट्टर से उनकी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि छोटेलाल ने आपा खो दिया और संगीता पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर चोटें आने के कारण संगीता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तुरंत गांव से रफूचक्कर हो गया।

दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया, रो-रोकर बुरा हुआ परिवार

घटना की खबर मिलते ही लालगंज थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक और पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। मृतका की मौत की खबर फैलते ही घर के बाहर ग्रामीणों का भारी हुजूम इकट्ठा हो गया और परिजनों में कोहराम मच गया।

संगीता अपने पीछे एक 5 साल का बेटा लाडो और महज 5 महीने की दुधमुंही बच्ची पारो को छोड़ गई है। मां के शव के पास बिलखते इन मासूम बच्चों को देखकर वहां मौजूद हर ग्रामीण की आंखें नम हो गईं।

10 साल जेल में काटने के बाद 15 महीने पहले ही रिहा हुआ था आरोपी

पुलिस जांच में आरोपी छोटेलाल उर्फ कलट्टर का एक पुराना आपराधिक इतिहास सामने आया है। पता चला है कि आरोपी इससे पहले अपनी ही पत्नी की दहेज के लिए हत्या करने के जुर्म में अदालत द्वारा दोषी करार दिया जा चुका है। वह करीब 10 साल तक जेल की सलाखों के पीछे रहने के बाद लगभग 15-16 महीने पहले ही सजा पूरी कर जेल से छूटकर गांव वापस आया था। मृतका के भाई संदीप की शिकायत (तहरीर) पर पुलिस ने आरोपी जेठ के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

थानाध्यक्ष वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक विशेष टीम का गठन कर दिया गया है। पुलिस की टीमें उसके संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के यहाँ लगातार दबिश दे रही हैं। मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है और आरोपी के पकड़े जाते ही आगे की सख्त विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply