शादी के 7 दिन बाद सामने आया नया दावा, सहेली बोली- ‘ये मेरी पत्नी है’, परिवार हैरान

मेरठ| मेरठ के जानी थाना क्षेत्र में इन दिनों दो युवतियों के आपसी संबंधों को लेकर बना एक अजीबोगरीब मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। परिवार द्वारा एक युवती की मर्जी के खिलाफ उसका विवाह करा दिए जाने के महज कुछ ही दिनों बाद, उसकी सहेली खाकी वर्दीधारियों को साथ लेकर उसकी ससुराल धमक गई। वहां दोनों युवतियों ने एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने का फैसला सुनाया, जिसके बाद विवाहिता अपने ससुराल पक्ष को छोड़ अपनी सहेली के साथ रवाना हो गई।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, जानी क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली दो युवतियां पिछले काफी समय से बेहद करीब थीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों ने परिजनों को भनक लगे बिना ही पहले आपस में शादी करने का दावा भी किया था।

परिजनों ने मर्जी के खिलाफ गाजियाबाद में कराया था निकाह

जब इस बात की जानकारी दोनों युवतियों के घर वालों को हुई, तो उन्होंने इस रिश्ते का कड़ा विरोध किया। इसके बाद करीब एक हफ्ते पहले परिजनों ने एक युवती की इच्छा के विपरीत गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र के रहने वाले एक युवक से उसकी जबरन शादी करा दी।

ससुराल में मची खलबली, पुलिस के सामने ही सहेली संग विदा हुई नई नवेली दुल्हन

विवाह संपन्न होने के कुछ दिन बाद ही दूसरी युवती लोनी पुलिस टीम को साथ लेकर अपनी सहेली की ससुराल जा पहुंची। इस हाई-वोल्टेज ड्रामे की खबर मिलते ही दोनों लड़कियों के घर वाले भी आनन-फानन में मौके पर पहुंच गए। वहां सबके सामने दोनों युवतियों ने एक बार फिर साथ रहने की अपनी जिद दोहराई।

बताया जा रहा है कि कानूनन दोनों के बालिग होने और उनके इस कड़े फैसले को देखते हुए पुलिस की मौजूदगी में ही नई नवेली दुल्हन अपनी सहेली का हाथ थामकर वहां से वापस लौट आई। इस पूरे मामले को लेकर जब जानी थाना पुलिस से संपर्क किया गया, तो उन्होंने ऐसी किसी भी घटना की आधिकारिक जानकारी होने से साफ इनकार किया है।

परिजनों ने तोड़े सारे रिश्ते, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

इस पूरे घटनाक्रम के बाद दोनों युवतियों के परिवारों में भारी नाराजगी और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने इस विषय पर ज्यादा कुछ भी बोलने से मना करते हुए सिर्फ इतना कहा कि अब उनका उन दोनों युवतियों से कोई वास्ता नहीं रह गया है और वे उनसे सारे संबंध खत्म कर चुके हैं।

दूसरी तरफ, इस अजीबोगरीब वाकये से जुड़े कुछ वीडियो और बयान सोशल मीडिया पर भी तेजी से शेयर किए जा रहे हैं, जिसमें दोनों युवतियां पूरी दुनिया के सामने साथ रहने की बात कहती नजर आ रही हैं। हालांकि, इन वायरल वीडियो की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की जा सकी है, लेकिन स्थानीय स्तर पर इस अनोखे मामले को लेकर तरह-तरह की बातें की जा रही हैं।

Leave a Reply